कटिहार के कुरसेला से अजीत कुमार ठाकुर की रिपोर्ट
कटिहार जिले के कुरसेला स्थित नया हाट दुर्गा मंदिर परिसर में साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था श्रद्धालुओं की परेशानी का कारण बनी हुई है. मंदिर परिसर के बाहर जंगली घास और कचरा जमा होने से श्रद्धालुओं को आने-जाने में कठिनाई हो रही है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर समिति इस ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दे रही है.
आस्था के केंद्र की बिगड़ रही तस्वीर
कुरसेला हाट के बीच स्थित यह दुर्गा मंदिर क्षेत्र के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है. यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं. बावजूद इसके मंदिर परिसर के बाहरी हिस्से में नियमित सफाई नहीं होने से अव्यवस्था का माहौल बना हुआ है.
चापाकल तक पहुंचने में हो रही परेशानी
मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चापाकल की व्यवस्था की गई है, लेकिन वहां तक पहुंचने के लिए लोगों को जंगली घास और कचरे के बीच से होकर गुजरना पड़ता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हाट के कुछ दुकानदार भी परिसर के आसपास कचरा फेंक देते हैं, जिससे स्थिति और खराब हो जाती है.
नवरात्र में होती है साफ-सफाई
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्गा मंदिर ट्रस्ट के अधीन हाट की दुकानें संचालित होती हैं. मंदिर के अंदर की व्यवस्था सामान्य रहती है, लेकिन बाहरी परिसर की नियमित सफाई नहीं होती. बताया जाता है कि शारदीय नवरात्र से पहले ही परिसर की साफ-सफाई और रंग-रोगन कराया जाता है, जबकि वर्षभर बाहरी परिसर उपेक्षित रहता है.
श्रद्धालुओं ने की नियमित सफाई की मांग
श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने मंदिर समिति से नियमित साफ-सफाई कराने, जंगली घास हटाने और परिसर को स्वच्छ रखने की मांग की है. उनका कहना है कि धार्मिक स्थल की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
और पढ़ें : गोरखनाथ धाम में श्रावणी मेले की तैयारियों पर प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने की समीक्षा
