कोढ़ा प्रखंड में शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी खुशखबरी है. पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा जारी घोषणा पत्र में प्रखंड क्षेत्र में दो डिग्री कॉलेज की मंजूरी दी गयी है. इस घोषणा के बाद पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है. छात्र-छात्राओं के साथ-साथ अभिभावकों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है. सीशिया प्लस टू विद्यालय एवं कोढ़ा हाई स्कूल को डिग्री कॉलेज के रूप में विकसित किया जायेगा. यह निर्णय कोढ़ा प्रखंड के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है. अब यहां के विद्यार्थियों को स्नातक स्तर की पढ़ाई के लिए कटिहार, पूर्णिया या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. इससे समय और आर्थिक बोझ दोनों में कमी आयेगी.स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से प्रखंड में डिग्री कॉलेज की मांग की जा रही थी. जिसे अब जाकर पूरा किया गया है. ग्रामीण हेसाम, जमीरुद्दीन, शिक्षक सालिम सालिक, डोमन चौधरी, मुख्य पार्षद धीरज सिंह, टीनू भगत तथा मुखिया संघ के अध्यक्ष काजिम सहित कई लोगों ने खुशी जाहिर की. सभी ने पूर्णिया विश्वविद्यालय के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कोढ़ा प्रखंड के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने उम्मीद जताई कि जल्द ही कॉलेजों का संचालन शुरू होगा. आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था भी की जायेगी. कोढ़ा प्रखंड में दो डिग्री कॉलेज की स्थापना की घोषणा ने शिक्षा के क्षेत्र में नई उम्मीद जगा दी है. आने वाले समय में यह पहल न केवल छात्रों के भविष्य को संवारने में सहायक होगी.
कोढ़ा को मिला दो डिग्री कॉलेज का तोहफा, शिक्षा के क्षेत्र में नई उम्मीद
कोढ़ा को मिला दो डिग्री कॉलेज का तोहफा, शिक्षा के क्षेत्र में नई उम्मीद
