Khagaria Drug Bust: खगड़िया चौथम से धीरज सिंह बंटू की रिपोर्ट. चौथम पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चार चक्का वाहन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप बरामद किया है. पुलिस ने वाहन से कुल 1450 बोतल कफ सिरप जब्त किया है. इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. हालांकि वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया.
गुप्त सूचना मिलते ही शुरू हुई घेराबंदी
थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि महेशखूंट से सहरसा की ओर एक वाहन में कोडिन युक्त कफ सिरप की बड़ी खेप ले जाई जा रही है. सूचना मिलते ही एएसआई अभिमन्यु कुमार के नेतृत्व में पिपरा के पास सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया.
जांच के दौरान एक संदिग्ध चार चक्का वाहन पुलिस को देखकर तेजी से सोनवर्षा घाट की ओर भागने लगा. पुलिस टीम ने तुरंत वाहन का पीछा शुरू कर दिया.
पुलिस पीछा करती रही, चालक भाग निकला
भाग रहे वाहन को रोकने के लिए डुमरी पुलिस की मदद से रास्ते में बेरिकेटिंग लगाई गई. लेकिन बेरिकेटिंग देखकर चालक ने वाहन को वापस मोड़ दिया और दूसरी दिशा में भागने लगा. इसी दौरान कैथी स्थित एक चिमनी के समीप चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया.
पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में कोडिन युक्त कफ सिरप छिपाकर रखा गया था. बाद में वाहन को जब्त कर थाना लाया गया, जहां गिनती के दौरान कुल 1450 बोतल कफ सिरप बरामद हुई.
तस्कर की तलाश में छापेमारी जारी
थानाध्यक्ष ने बताया कि जब्त वाहन और बरामद कफ सिरप को लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है. साथ ही फरार चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में यह मामला नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है.
