कटिहार : कटिहार जिले में शनिवार सुबह से ही मौसम का मिला-जुला मिजाज देखने को मिल रहा है. सुबह से धूप निकली हुई है, लेकिन आसमान में बादलों का भी डेरा है. उमस भरी गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया है और सभी को झमाझम बारिश का बेसब्री से इंतजार है.
मौसम के ताजा आंकड़ों के अनुसार शनिवार को कटिहार का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. सुबह 8:30 बजे जिले का तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, लेकिन हवा में अधिक नमी होने के कारण गर्मी करीब 42 डिग्री जैसी महसूस हो रही है. हवा में नमी 73 प्रतिशत है, जबकि हवा की गति करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटा बनी हुई है.
दोपहर बाद बदल सकता है मौसम
दिनभर के पूर्वानुमान के अनुसार सुबह 9 से 10 बजे तक हल्की बूंदाबांदी की 20 प्रतिशत संभावना है. इसके बाद मौसम का मिजाज बदल सकता है. सुबह 11 बजे 40 प्रतिशत, दोपहर 12 बजे 70 प्रतिशत और एक बजे 50 प्रतिशत बारिश के साथ वज्रपात की संभावना जताई गयी है.
दोपहर दो बजे 30 प्रतिशत और शाम चार बजे 40 प्रतिशत बारिश की संभावना बनी हुई है. ऐसे में दिनभर बादल और धूप के बीच मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.
रात में तेज बारिश के आसार
शाम के बाद मौसम के अधिक सक्रिय होने की संभावना है. पूर्वानुमान के अनुसार रात नौ बजे 80 प्रतिशत और रात 10 बजे 70 प्रतिशत तक तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना जतायी गयी है. यदि बारिश होती है तो लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
अगले दो दिन भी बना रहेगा बादलों का डेरा
रविवार और सोमवार को भी कटिहार में आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है. इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.
लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर नहीं निकलने, पर्याप्त पानी पीने और बारिश के दौरान बिजली चमकने पर सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गयी है. किसानों को भी खेतों में जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया है.
