कटिहार : जिले में सोमवार सुबह से उमस और गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. आसमान में आंशिक बादल छाए हैं, लेकिन बारिश नहीं होने से उमस बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को कटिहार में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
दोपहर बाद बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक दोपहर 1 बजे के बाद बारिश और गरज-चमक की संभावना बढ़ेगी. दोपहर 1 बजे बारिश की संभावना करीब 60 प्रतिशत, 2 बजे 50 प्रतिशत और 3 बजे 40 प्रतिशत बताई गई है. शाम 5 से 6 बजे के बीच भी बारिश और वज्रपात की संभावना है. इस दौरान तेज हवा के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
सप्ताह भर बना रहेगा मौसम का उतार-चढ़ाव
मंगलवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है. बुधवार को आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि गुरुवार को बादल रहने के बावजूद बारिश की संभावना कम है. शुक्रवार को फिर आंधी, बारिश और वज्रपात की स्थिति बन सकती है.
मौसम विभाग ने वज्रपात के दौरान लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी है. वहीं जिले के निचले इलाकों और गंगा किनारे जलस्तर पर भी नजर रखी जा रही है.
