फलका (कटिहार) से अली अहमद की रिपोर्ट:
कटिहार: फलका थाना क्षेत्र के सोहथा उत्तरी पंचायत अंतर्गत दहा टोला कमलशिया टोला में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान श्रवण कुमार राम (32 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है तथा परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रवण कुमार राम शनिवार रात ट्रैक्टर लेकर गांव की ओर जा रहे थे. इसी दौरान दहा टोला कमलशिया टोला के समीप अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. ट्रैक्टर के नीचे दब जाने से चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए तथा चालक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. सूचना पर फलका थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया तथा किसी प्रकार का आवेदन देने से भी मना कर दिया.
मृतक अपने परिवार का कमाऊ सदस्य बताया जा रहा है. उसकी मौत से पत्नी, बच्चों एवं अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के दो पुत्री और तीन पुत्र हैं. गांव में शोक की लहर व्याप्त है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
