कटिहार बीएसएनएल कार्यालय में स्वतंत्रता दिवस से पहले बदहाल हालात, सफाई और टेंडर व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

कटिहार BSNL कार्यालय स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बजाय बदहाली में दिखा. कचरे के ढेर और उगी झाड़ियों ने कर्मचारियों को असहज किया. करोड़ों का टैक्स भरने के बावजूद सफाई व्यवस्था ठप होने पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.

Katihar News: कटिहार शहर के बीचोंबीच स्थित बीएसएनएल कार्यालय परिसर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बदहाल स्थिति में नजर आया. जहां एक ओर पूरा देश 80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा है, वहीं बीएसएनएल परिसर में कचरे के ढेर, उगी झाड़ियां और ठप पड़ी सफाई व्यवस्था ने कर्मचारियों और अधिकारियों दोनों को असहज कर दिया है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि परिसर की सफाई किस एजेंसी के जिम्मे है और इसके लिए कितनी राशि का टेंडर हुआ है, इसकी स्पष्ट जानकारी स्थानीय अधिकारियों तक के पास नहीं है.

ध्वजारोहण से पहले सफाई को लेकर बढ़ी चिंता

बीएसएनएल परिसर में वर्षों से दो स्थानों पर ध्वजारोहण होता रहा है.

लेकिन इस बार स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले परिसर में फैली गंदगी को लेकर कर्मचारियों में असमंजस की स्थिति बनी रही.

कार्यालय परिसर के भीतर और आसपास कचरे के ढेर जमा हैं, जबकि कई जगहों पर बड़ी-बड़ी झाड़ियां और जंगलनुमा घास उग आई है.

कर्मचारियों का कहना है कि पिछले करीब 15 दिनों से नियमित सफाई नहीं हुई, जिससे परिसर की स्थिति लगातार खराब होती गई.

कर्मचारियों ने लगाया लापरवाही का आरोप

बीएसएनएल कर्मचारियों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हुई है.

उनका कहना है कि पहले स्थानीय स्तर पर तैनात संवेदक से नियमित सफाई कराई जाती थी और आवश्यकता पड़ने पर उसे निर्देश भी दिए जाते थे.

अब सफाई व्यवस्था सेंट्रलाइज्ड सिस्टम के तहत संचालित होने लगी है, जिसके कारण स्थानीय स्तर पर किसी को यह तक पता नहीं है कि संवेदक कौन है और टेंडर कितनी राशि का हुआ है.

24 लाख टैक्स देने के बावजूद सफाई नहीं

कर्मचारियों के अनुसार, नगर निगम को इस वित्तीय वर्ष में एकमुश्त 24 लाख रुपये टैक्स दिया गया है.

इसके बावजूद परिसर से समय पर कचरा नहीं उठाया जा रहा है और नियमित सफाई व्यवस्था भी प्रभावी नहीं है.

सफाई कर्मचारी के सुपरवाइजर बबलू ने बताया कि लगभग एक सप्ताह पहले नगर निगम को लिखित शिकायत भी भेजी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई.

उन्होंने यह भी कहा कि उनका मानदेय कई महीनों से लंबित है.

निरीक्षण के दौरान सुपरवाइजर को लगाई गई फटकार

शुक्रवार दोपहर बीएसएनएल के अधिकारियों ने परिसर का निरीक्षण किया.

निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था को लेकर डिप्यूट संवेदक के सुपरवाइजर को फटकार लगाई गई और तत्काल परिसर के अंदर-बाहर सफाई कराने का निर्देश दिया गया.

Katihar News: अधिकारी बोले- टेंडर की जानकारी ऊपर स्तर पर तय होती है

बीएसएनएल के डीई प्रमोद कुमार मंडल ने बताया कि परिसर में दो स्थानों पर ध्वजारोहण होना है और इसकी तैयारी शुक्रवार दोपहर बाद शुरू कर दी गई.

उन्होंने कहा कि संवेदक कौन है और टेंडर कितनी राशि का है, यह निर्णय उच्च स्तर पर होता है, इसलिए स्थानीय अधिकारियों के पास इसकी विस्तृत जानकारी नहीं रहती.

कटिहार के बीएसएनएल कार्यालय की यह स्थिति प्रशासनिक समन्वय और सफाई व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है.

स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व से पहले सरकारी कार्यालय परिसर में फैली गंदगी और टेंडर व्यवस्था को लेकर बनी अनिश्चितता स्थानीय नागरिकों और कर्मचारियों दोनों के लिए चिंता का विषय बन गई है.

कटिहार, स्वतंत्रता दिवस से पूर्व परिसर की सफाई को लेकर सुपरवाईजर को डांट लगाते डीई बीएसएनएल व अन्य पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network

Also Read: बिहार : स्कूल बढ़े पर 38.5% स्टूडेंट ही 12वीं तक पहुंचे, पढ़ाई छोड़कर कहां जा रहे हैं बच्चे?

Also Read: वाघा बॉर्डर की तर्ज पर पूर्णिया में आज रात 12:01 बजे फहरेगा तिरंगा, पढ़ें 1947 से चली आ रही इस अद्भुत परंपरा का इतिहास


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Saroj kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >