Katihar News: सीमांचल के महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशनों में शामिल बारसोई जंक्शन की बदहाल यात्री सुविधाओं को लेकर रविवार को बड़ा जनआक्रोश देखने को मिला. सूरजापुरी जन क्रांति मोर्चा बिहार के बैनर तले स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने स्टेशन परिसर में प्रदर्शन कर रेलवे प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि बारसोई जैसे महत्वपूर्ण जंक्शन की लगातार उपेक्षा की जा रही है और अब इस स्थिति को स्वीकार नहीं किया जाएगा.
प्रदर्शन के बाद एनएफ रेलवे कटिहार मंडल के डीआरएम के नाम संबोधित मांग पत्र स्टेशन प्रबंधक को सौंपा गया, जिसमें यात्री सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दे उठाए गए.
RPF की कार्रवाई पर उठे सवाल
मोर्चा के संयोजक सह जदयू नेता ख्वाजा शाहिद के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में सबसे प्रमुख मुद्दा RPF द्वारा जुर्माने (फाइन) के नाम पर आम यात्रियों को परेशान किए जाने का रहा.
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि रेलवे नियमों का पालन आवश्यक है, लेकिन उसके नाम पर यात्रियों के साथ अनावश्यक सख्ती और परेशान करने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं. उन्होंने रेलवे प्रशासन से ऐसी शिकायतों पर रोक लगाने और जवाबदेही तय करने की मांग की.
पुरानी MG लाइन की मिट्टी कटाई की जांच की मांग
मांग पत्र में बारसोई स्टेशन से सटी पुरानी एमजी (मीटर गेज) लाइन की अवैध मिट्टी कटाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया.
मोर्चा ने आरोप लगाया कि रेलवे की भूमि और संरचना से जुड़ी इस गतिविधि की उच्चस्तरीय जांच कराई जानी चाहिए. प्रदर्शनकारियों ने संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने की भी मांग की.
फुट ओवरब्रिज और प्लेटफॉर्म-2 पर शौचालय की मांग
स्थानीय लोगों ने बारसोई जंक्शन के नवनिर्माण कार्य में तेजी लाने की मांग करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण शीघ्र कराया जाए.
इसके साथ ही प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर शौचालय निर्माण की मांग भी जोरदार ढंग से उठाई गई. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों की आवाजाही के बावजूद स्टेशन पर बुनियादी सुविधाओं का अभाव बना हुआ है.
“बारसोई जंक्शन की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं”
ख्वाजा शाहिद ने कहा कि बारसोई जंक्शन सीमांचल क्षेत्र के रेल नेटवर्क का एक प्रमुख केंद्र है, लेकिन यहां यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं.
उन्होंने कहा कि रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को जमीनी स्थिति का निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई करनी चाहिए. उनके अनुसार स्टेशन की समस्याएं केवल स्थानीय मुद्दा नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की रेल यातायात व्यवस्था से जुड़ा मामला हैं.
Katihar News: बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शन में शामिल
प्रदर्शन के दौरान बारसोई नगर पंचायत के उपमुख्य पार्षद प्रमोद कुमार साह भी मौजूद रहे.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए. प्रदर्शनकारियों ने उम्मीद जताई कि कटिहार मंडल के डीआरएम स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और बारसोई जंक्शन की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे.
Also Read: RJD की 20 साल की सियासी कहानी: 2005 की हार से 2020 की वापसी और 2025 के झटके तक, कहां चूकी पार्टी?
