Flood Alert : कुरसेला क्षेत्र में गंगा और कोसी नदी में आए उफान से बाढ़ का फैलाव लगातार बढ़ रहा है. सूखे पड़े नदी क्षेत्रों में भी अब पानी भरने लगा है. बताया जा रहा है कि नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है. वहीं उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में हो रही बारिश का असर गंगा नदी पर भी दिखाई दे रहा है, जिससे जलस्तर लगातार ऊपर जा रहा है.
दियारा क्षेत्र में आवागमन हुआ मुश्किल
पिछले कई दिनों से जारी बारिश के कारण मौसमी नदियां और जलाशय पूरी तरह भर चुके हैं. बाढ़ का पानी अब विभिन्न जलस्रोतों को जोड़ते हुए दियारा क्षेत्र तक फैलने लगा है. गंगा नदी का प्रवाह क्षेत्र बढ़ने से दियारा जाने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. तेज धारा के बीच नाव से नदी पार करना जोखिम भरा हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
फसलों और पशुपालकों पर मंडराया संकट
बाढ़ के बढ़ते खतरे से तटीय क्षेत्रों के किसानों की चिंता बढ़ गई है. भदई, परवल, मक्का और पट की फसलें जलमग्न होने की आशंका है. दियारा क्षेत्र में सैकड़ों एकड़ में लगी परवल, लौकी, झिंगनी और नेनुआ जैसी सब्जियों की खेती भी खतरे में पड़ गई है. वहीं नदी का पानी फैलने से पशुपालकों के सामने मवेशियों के लिए चारा जुटाना भी बड़ी चुनौती बनता जा रहा है.
कटाव से सहमे तीनघरिया और बालूटोला के लोग
गंगा और कोसी नदी के बढ़ते जलस्तर के साथ तीनघरिया और बालूटोला इलाके में कटाव का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है. नदी किनारे बसे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. लोगों को आशंका है कि यदि बारिश और जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला जारी रहा तो कटाव और तेज हो सकता है, जिससे कई घर और कृषि भूमि प्रभावित हो सकती है.
प्रशासन पर टिकी लोगों की उम्मीदें
बाढ़ और कटाव के बढ़ते खतरे के बीच तटीय क्षेत्रों के लोग प्रशासन की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सुरक्षा और राहत के इंतजाम किए जाएं, ताकि संभावित नुकसान को कम किया जा सके.
