एपीएचसी मोहनी के अलमीरा व शौचालय में भारी मात्रा में मिली एक्सपायर दवा

एपीएचसी मोहनी के अलमीरा व शौचालय में भारी मात्रा में मिली एक्सपायर दवा

– आक्रोशित ग्रामीणों ने की दोषी पर कार्रवाई की मांग कटिहार अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनी में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर लापरवाही उजागर हुई है. अस्पताल परिसर से लगभग एक से डेढ़ वर्ष पुरानी एक्सपायरी दवाइयों का जखीरा मिलने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है. आरोप है जिन दवाइयों की समय समाप्त हो चुकी है. वे आलमारी में सजा कर रखी गयी है. कुछ दवाइयां शौचालय में स्टोर पायी गयी तथा सही दवाइयां बोरे में बंद कर अस्पताल के एक कोने में फेंकी मिली. मौके पर गंदगी का अंबार भी देखने को मिला. अस्पताल परिसर में चारों ओर कचरा फैला था और शौचालय की हालत अत्यंत खराब पायी गयी. ऐसे माहौल में किस तरह मरीजों का इलाज होता होगा, यह खुद एक बड़ा सवाल बन गया है. ग्रामीणों का आरोप है कि स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत कई कर्मी ड्रेस कोड में नहीं आते है. न केवल अनुशासनहीनता झलकती है. बल्कि मरीजों को यह पहचानने में भी कठिनाई होती है कि कौन स्वास्थ्यकर्मी है और कौन बाहरी व्यक्ति है. वहीं डॉक्टर के ड्यूटी से नदारद रहने की शिकायतें भी सामने आयी है. मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ता है. स्थानीय कई ग्रामीणों ने कहा कि नियमित रूप से प्रभावी निगरानी नहीं होने से यहां के स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है. लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिलता है. कई बार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों को इसकी जानकारी दी गयी पर अब तक कोई सुधार इस दिशा में नहीं हुआ है. स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सरकार बड़े-बड़े दावे कर रही है. यह पूरा प्रकरण सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी प्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है. गरीब और जरूरतमंद मरीजों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण इलाज उपलब्ध कराने का दावा करने वाले सिस्टम में यदि एक्सपायरी दवाइयां शौचालय में पायी जाये और अस्पताल परिसर गंदगी से पटा हो तो जिम्मेदारी तय होना जरूरी है. अब निगाहें स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर टिकी है. इस बीच प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ प्रदीप कुमार का पक्ष जानने के लिए दो बार उनके मोबाइल नंबर पर कॉल करने पर रिंग होती रही. पर कॉल रिसीव नहीं किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJKISHOR K

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >