– विभागीय लापरवाही पर फूटा आक्रोश – विधायक उठा चुकी हैं सदन में सवाल, फिर भी नहीं हुआ समाधान – शिकायत करो तो झूठे केस में फंसाने की धमकी बारसोई बारसोई में विद्युत आपूर्ति की बदहाल स्थिति आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रही है. कभी रखरखाव के नाम पर, तो कभी आंधी-तूफान का बहाना लेकर बिजली घंटों और कभी-कभी पूरे दिन-रात बाधित रहती है. बिजली विभाग के अधिकारियों की ढिलाई का आलम यह है कि एक बार खराबी होने पर उसे दुरुस्त करने में घंटों लग जाते हैं. बिजली की इस अव्यवस्था से घरेलू कामकाज ठप हो रहा है. छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है. छोटे-बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है. स्थानीय उपभोक्ताओं में गहरा आक्रोश है. लोगों का कहना है कि विद्युत विभाग की मनमानी के खिलाफ आवाज उठाना भी आसान नहीं है. शिकायत करने पर दबाव झेलना पड़ता है या झूठे मामलों में फंसाने की धमकी मिलती है. ऐसे में उपभोक्ता खुद को पूरी तरह लाचार महसूस कर रहे हैं. ज्ञात हो कि बलरामपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक संगीता देवी बीते महीने विधानसभा सत्र में इस क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की खामियों को लेकर सवाल उठा चुकी हैं. पर सदन में उठे सवालों के बाद भी जमीनी स्तर पर कोई सुधार नहीं हुआ. विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय न होने के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है. स्थानीय उपभोक्ताओं ने सरकार व विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाय. बिजली आपूर्ति को नियमित व निर्बाध बनाया जाए तथा शिकायत करने वाले उपभोक्ताओं को उत्पीड़न से सुरक्षा प्रदान की जाय.
बारसोई में अनियमित बिजली से त्रस्त उपभोक्ता
बारसोई में अनियमित बिजली से त्रस्त उपभोक्ता
