लगातार दूसरी बार बिहार चैंपियन बना कटिहार, महिला बैडमिंटन टीम ने जीता खिताब

Bihar Inter District Badminton Championship 2026: कटिहार की महिला बैडमिंटन टीम ने गया में आयोजित बिहार इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में पटना को हराकर लगातार दूसरी बार खिताब जीता.

कटिहार से नीरज की रिपोर्ट:

Bihar Inter District Badminton Championship 2026: गया में आयोजित 18वीं उमेश वर्मा बिहार राज्य इंटर डिस्ट्रिक्ट बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप 2026 में कटिहार की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर लिया. फाइनल मुकाबले में पटना को 2-0 से हराकर टीम ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया.

फाइनल में पटना को दी शिकस्त

19 से 21 जून तक गया में आयोजित प्रतियोगिता में कटिहार की महिला टीम पूरे टूर्नामेंट में शानदार लय में नजर आई. फाइनल मुकाबले में टीम ने मजबूत प्रतिद्वंद्वी पटना को 2-0 से पराजित कर ट्रॉफी अपने नाम की. इससे पहले सेमीफाइनल में कटिहार ने मुजफ्फरपुर को भी 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी.

वैभवी सिंह और सौम्या भारती रहीं जीत की सूत्रधार

टीम की कप्तानी कर रहीं वर्तमान बिहार महिला एकल चैंपियन वैभवी सिंह ने फाइनल के पहले एकल मुकाबले में जीत दर्ज कर कटिहार को बढ़त दिलाई. इसके बाद वैभवी सिंह और अंडर-17 व अंडर-19 बिहार चैंपियन सौम्या भारती की युगल जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला जीत लिया और कटिहार को खिताब दिला दिया.

युवा खिलाड़ियों ने भी दिखाया दम

चैंपियन टीम में डेब्यू कर रहीं श्रेया सुमन तथा पिछले वर्ष की विजेता टीम की सदस्य अनन्या झा भी शामिल थीं. सभी खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन कर टीम की सफलता में अहम योगदान दिया.

कोच और मैनेजर की भूमिका रही अहम

टीम के कोच पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी आशियांत विश्वास तथा मैनेजर रूपक समियारर के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया. उनकी रणनीति और प्रशिक्षण का लाभ टीम को पूरे टूर्नामेंट में मिला.

पुरुष वर्ग में सेमीफाइनल से पहले रुका सफर

पुरुष वर्ग में कटिहार की टीम सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल नहीं हो सकी. टीम को मजबूत मुजफ्फरपुर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. वहीं अंडर-19 बालक टीम भी पहले दौर से आगे नहीं बढ़ सकी.

पिछले साल भी कटिहार ने जीता था खिताब

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में समस्तीपुर में आयोजित प्रतियोगिता में भी कटिहार की महिला टीम ने पटना को 2-1 से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की थी. लगातार दूसरी बार खिताब जीतकर टीम ने जिले का गौरव बढ़ाया है.

कटिहार की और खबरें पढ़ने के लिये यहां क्लिक करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >