कटिहार में पुलिस हिरासत में युवक की मौत, थाने पर बवाल, भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

Bihar Crime News: कटिहार के फलका थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में युवक की मौत के बाद हालात बेकाबू हो गए. गुस्साए लोगों ने थाने पर हमला कर पुलिसकर्मियों की पिटाई की और जमकर हंगामा किया, जिससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया.

Bihar Crime News: कटिहार जिले के फलका थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत के बाद बवाल हो गया. हालात बेकाबू हो गए. घटना के बाद गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया. देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और थाने में तोड़फोड़ शुरू कर दी.

स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आक्रोशित भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा. जान बचाने के लिए कई पुलिसकर्मी पास के मक्के के खेतों में भागते नजर आए. भीड़ ने महिला सिपाही को भी नहीं बख्शा और उन्हें भी खदेड़ा गया. इस दौरान एक सिपाही की राइफल छीन लिए जाने की भी खबर है.

वीडियो आया सामने, लाठी-डंडों से पिटाई

पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्थानीय लोग पुलिसकर्मियों को लाठी-डंडों से पीटते नजर आ रहे हैं. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

क्या है पूरा मामला?

फलका थाना क्षेत्र के गोपालपट्टी निवासी 24 वर्षीय राकेश कुमार यादव को 2 अप्रैल की रात मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था. शनिवार को उसकी मौत हो गई, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया.

परिजनों का आरोप: बेगुनाह होते हुए भी नहीं छोड़ा

मृतक के परिजनों का आरोप है कि जिस व्यक्ति की बाइक चोरी हुई थी, उसने पहचान के दौरान राकेश को नहीं पहचाना था. इसके बावजूद पुलिस ने उसे हिरासत में रखा. परिवार का कहना है कि थाने में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, जिससे उसकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई.

साली का आरोप: ‘दारोगा ने मार डाला’

मृतक की साली कोमल यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राकेश को बुरी तरह पीटा गया. उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता ने भी पहचान नहीं की थी, फिर भी पुलिस उसे जबरन उठा ले गई और मारपीट की.

पुलिस का दावा: हाजत में आत्महत्या की कोशिश

वहीं पुलिस का कहना है कि राकेश यादव ने थाना हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया था. हालत बिगड़ने पर उसे सुबह 7 बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, फलका ले जाया गया. वहां से बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

घटना की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग भड़क उठे. गुस्साए लोगों ने फलका-कुर्सेला स्टेट हाईवे को जाम कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया.

SHO और IO सस्पेंड

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी शिखर चौधरी ने फलका थाना के SHO रवि कुमार राय और जांच अधिकारी कुंदन पटेल को निलंबित कर दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं.

जांच के लिए SIT गठित

पुलिस विभाग ने घटना की जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) स्तर से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. SDPO रंजन कुमार सिंह के अनुसार, राकेश यादव को लूट के मामले में गिरफ्तार किया गया था. शनिवार सुबह उसने आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

Also Read: दरभंगा में दिनदहाड़े 2 करोड़ से ज्यादा की लूट, ज्वेलरी शॉप में घुसे हथियारबंद बदमाश, बोले- कुछ बोले तो ठोक देंगे

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Abhinandan Pandey

अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >