कटिहार समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुशील कुमार व आपूर्ति पदाधिकारी कुमार किंचित ने मंगलवार को पत्रकारों के साथ जिले में एलपीजी गैस की अद्यतन स्थिति साझा किया. उन्होंने बताया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है. डीएसओ ने बताया कि कटिहार जिलान्तर्गत तीनों अनुमंडल क्षेत्रों के प्रखंडों में कार्यरत विभिन्न कंपनियों के कुल 54 गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स है. जिसमें कटिहार अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 10 प्रखंडों में 31 एजेंसी, बारसोई अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 04 प्रखंडों में 18 एजेंसी एवं मनिहारी अनुमंडल क्षेत्र अन्तर्गत 02 प्रखंडों में 05 एजेंसी के पास घरेलु उपभोक्ताओं के लिए मंगलवार को कुल 9743 घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर उपलब्ध है. सभी कंपनियों के कार्यरत गैस एजेंसियों द्वारा सोमवार को घरेलू गैस की बुकिंग 6212 के विरूद्ध 5280 गैस सिलिंडर की आपूर्ति उपभोक्ताओं को उपलब्ध करा दी गयी है. सभी गैस एजेंसियों के पास कुल 1247 व्यवसायिक गैस सिलेंडर उपलब्ध है. उन्होंने दावा किया कि कटिहार जिलान्तर्गत गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पर्याप्त एलपीजी गैस सिलेंडर उपलब्ध है. जिलान्तर्गत घरेलू गैस सिलिंडर के खपत के अनुसार एलपीजी गैस कंपनियों के द्वारा सामान्य रूप से गैस की आपूर्ति की जा रही है. कटिहार जिलान्तर्गत कार्यरत एजेंसियों की मांग के अनुरूप कंपनियों से प्राप्त डाटा के अनुसार सोमवार को कुल 3819 घरेलू एलपीजी गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. जिससे सम्पूर्ण प्रखंड अन्तर्गत विभिन्न गैस डिस्ट्रीब्यूटर्स से संबंधित एलपीजी उपभोक्ताओं को आवश्यकता अनुसार आसानी से गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है. डीएसओ ने बताया कि सभी एलपीजी गैस एजेंसी संचालक को निर्देशित किया गया है कि बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के माध्यम से ही गैस सिलिंडर उपलब्ध करायें.
जिले में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी गैस सिलिंडर उपलब्ध: डीएसओ
जिले में पर्याप्त मात्रा में एलपीजी गैस सिलिंडर उपलब्ध: डीएसओ
