कटिहार. पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआइआर) पोर्टल की मदद से खोए हुए मोबाइल फोन का पता लगाने और यात्रियों को वापस करने में सफलता पायी है. एनएफ रेलवे के कटिहार सहित अन्य रेल मंडल में लोगों के चोरी, गायब व गुम हुए मोबाइल को सीईआइआर पोर्टल की मदद से बरामद कर उक्त मोबाइल को उसके धारक के सुपुर्द किया है. एनएफ रेलवे के मुख्य जनसंपर्क पदाधिकारी-कपिंजल किशोर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि तकरीबन एक वर्ष के अवधि के दौरान, रेलवे क्षेत्र एवं ट्रेन से गायब हुए सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से 528 मोबाइल फोन का सफलता पूर्वक पता लगाया गया. इनमें से 109 डिवाइस रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और संबंधित अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से बरामद किये गये. बरामदगी के अलावा, मोबाइल फोन की चोरी या अवैध मालिकाना में शामिल 21 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया. यह गिरफ्तारियां मोबाइल से संबंधित अपराधों को रोकने और गैरकानूनी रूप से पुनर्विक्रय नेटवर्क की रोकथाम में एक महत्वपूर्ण कदम हैं. सबसे महत्वपूर्ण यह है कि बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को लौटा दिया गया है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
