एक वर्ष से कोलकाता चाइल्ड लाइन में है फुलवरिया गांव का लक्ष्मण
प्रभात खबर में छपी खबर पर चाइल्ड लाइन कटिहार हुआ सक्रिय
कोढ़ा : फुलवरिया गांव के मोहन शर्मा का 12 वर्षीय पुत्र एक वर्ष पूर्व घर से लापता हो गया था, जो अभी कोलकाता चाइल्ड लाइन में है. गरीबी के कारण परिजन उसे वहां से अब तक नहीं ला पाये हैं. शुक्रवार को प्रभात खबर में प्रकाशित खबर का ही असर रहा कि कटिहार चाइल्ड लाइन के सदस्यों ने मामले को संज्ञान में लिया. कटिहार चाइल्ड लाइन के सदस्यों ने बताया कि एक सप्ताह के अंदर लक्ष्मण को कोलकाता से लाकर उसके परिवार वालों को सौंप दिया जायेगा. कागजी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. बता दें कि फुलवरिया के वार्ड संख्या छह निवासी मोहन शर्मा का 12 वर्षीय पुत्र लक्ष्मण शर्मा एक वर्ष पूर्व अचानक अपने गांव से गुम हो गया था,
जो भटकते हुए कोलकाता चला गया. कोलकाता की स्वयंसेवी संस्था ने लक्ष्मण शर्मा को सुरक्षा गृह में रखा है. कोढ़ा थाने को भी इस संदर्भ में सूचना उपलब्ध करायी गयी थी. थानाध्यक्ष ने पीड़ित परिवार से लक्ष्मण की बात भी करवायी थी. यह मामला तब उजागर हुआ जब 29 नवंबर को फुलवरिया चौक के पास सड़क हादसे में लापता लक्ष्मण के जुड़वा भाई राम की मौत हो गयी. उसी दौरान परिजनों ने अपनी पीड़ा सुनायी थी.
