दो दर्जन अधिक दुकानदारों पर ठोंका जुर्माना वेंडिंग जोन में बिल्डिंग मैटीरियल बेचने वालों पर भारी जुर्माना, बालू व गिट्टी भी जब्त =नप इओ ने पटरियों और सड़कों को अपना बनाये दुकानदारों से जल्द हटने की दी सख्त चेतावनी भभुआ सदर. बार-बार के सूचना और कवायद के बावजूद अतिक्रमणकारियों के कानों में जूं नहीं रेंगने के बाद शुक्रवार को नगर प्रशासन की टीम ने कानून का चाबुक चलाना शुरू किया, तो शहर के नालों व सड़को के किनारे अवैध निर्माण कर अपनी दुकान चला रहे दुकानदारों और लोगों के होश ठिकाने आ गये. नगर प्रशासन भी शुक्रवार को अपने रौद्र रूप में रहा और नप इओ संजय उपाध्याय के नेतृत्व में निकले नप कर्मी और पुलिस के गठजोड़ टीम ने शहर के भभुआ मोहनिया सड़क, पटेल चौक, वन विभाग, जयप्रकाश चौक आदि जगहों पर अवैध कब्जा किये दुकानदारों और अतिक्रमण कर शहर की व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी को नहीं बख्शा. इस महाअभियान में दो दर्जन अधिक दुकानदारों पर जुर्माना ठोंका गया. चलाये जा रहे अभियान के दौरान भभुआ मोहनिया सड़क पर लल्लू भाई मॉल के सामने वेंडिंग जोन में बिल्डिंग मैटीरियल रख कर बेच रहे दुकानदार पर नप ने पांच हजार रुपये का जुर्माना ठोका और उसके बालू व गिट्टी को भी जब्त कर लिया गया. वहीं, मुंडेश्वरी सिनेमा हॉल के सामने सड़क किनारे ही ईंट, सब्जी सहित अन्य सामान रखे दुकानदारों पर भी कार्रवाई करते हुए नप ने भारी भरकम जुर्माना ठोका. अभियान का नेतृत्व कर रहे नप इओ संजय उपाध्याय ने बताया कि सड़क किनारे बिल्डिंग मैटीरियल रखे दुकानदारों पर जुर्माना लगाया गया है और साथ ही चेतावनी दी गयी है कि शहर के प्रतिबंधित क्षेत्र, वेंडिंग जोन में सामान रखने पर जुर्माने के साथ सामान भी नगर पर्षद जब्त कर लेगी. बताया कि यह अभियान लगातार चलाया जायेगा. =खाली भूखंड में गंदगी मिलने पर जमीन मालिक पर होगा जुर्माना शुक्रवार को शहर के भभुआ-मोहनिया मुख्य सड़क, जेपी व पटेल चौक, एकता चौक आदि जगहों से अतिक्रमण व अवैध निर्माण हटाने निकले नप इओ ने बताया कि शहर में वैसे भूखंड जो खाली है और उसमें गंदगी व कूड़ा करकट फेंकी जा रही हो, उनकी सफाई नहीं रखने पर उस भूखंड के मालिक से नप कार्रवाई के तहत पहले उन्हें नोटिस भेजेगी. फिर भी खाली निजी जमीन पर गंदगी फेंका मिलता है तो फिर नप जुर्माना ठोकेंगी या नप द्वारा सफाई कराने पर वैसे जमीन मालिकों से कार्य कराने का मेहनताना वसूला जायेगा. शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान सिटी मैनेजर सोनू कुमार, स्वच्छता निरीक्षक संजीव राज झिलमिल, रामनवमी सिंह, प्रशांत तिवारी सहित अन्य नप कर्मी उपस्थित रहे. लोगों को जिला व नगर प्रशासन से है उम्मीद इधर, जिला व नगर प्रशासन के चलाये जा रहे अभियान से लोगों ने खुशी जाहिर की है. शहर के वार्ड 10 निवासी अलाउद्दीन अंसारी, अजित प्रसाद आदि का कहना था कि जब तक स्थायी अभियान और लोगों में जागरूकता नहीं आती, तब तक यह समस्या ऐसे ही लोगों के साथ चलते रहेगी. जरूरत है लोगों के जागरूक होने की. क्योंकि, लोग जागरूक होंगे और अतिक्रमण नहीं करेंगे तो ऐसी स्थिति बनेगी ही नहीं. रवि अग्रवाल, संजय उर्फ राजू आर्या, रवि सिंह आदि का कहना था कि शहर में किसी भी सड़क पर आप निकले वहां आपको अतिक्रमण और जाम से भेंट हो जायेगा. एकता चौक और पटेल चौक की स्थिति तो और बुरी हो गयी हैं. उधर, शहर में अतिक्रमण और फुटपाथ के कब्जे पर बद्री राम, इश्तेखार अहमद का कहना था कि अधिकारी कभी कभार अभियान चलाकर फिर दूसरे कार्यों में लग जाते हैं. अगर निरंतर अभियान चलाया जाये और फुटपाथी दुकानदारों को कड़ाई से समझाया जाय तो कुछ हद तक इस समस्या का समाधान हो सकता हैं, क्योंकि, अपने शहर को स्वच्छ और सुंदर रखना उनकी भी तो जिम्मेवारी हैं. =दुकानदारों को भी समझना चाहिए लोगों की परेशानी भभुआ नप के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने बताया कि अतिक्रमण शहर की एक बड़ी समस्या है. इसके समाधान के लिए जिला और नप प्रशासन लगातार प्रयासरत है. फुटपाथों के मुक्तिकरण के लिए फिलहाल अभियान चलाया जा रहा है. फुटपाथों पर केवल राहगीरों का अधिकार है, इसे लोगों को खासकर फुटपाथी दुकानदारों को समझना चाहिए और उन्हें सड़क से आठ फुट दूर अपनी दुकान लगानी चाहिए.
नगर पर्षद ने चलाया शहर में महाभियान, सड़कों व नालों से हटाया गया अवैध कब्जा
वेंडिंग जोन में बिल्डिंग मैटीरियल बेचने वालों पर भारी जुर्माना, बालू व गिट्टी भी जब्त
