Kaimur News: (कुदरा से सत्येंद्र प्रताप सिंह) जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने एक टाटा सूमो वाहन से 366 लीटर विदेशी और देशी शराब जब्त की. पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए. फिलहाल पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर तस्करों की तलाश में जुट गई है.
गुप्त सूचना पर रात में बिछाया गया जाल
जानकारी के अनुसार कुदरा पुलिस को सोमवार देर रात सूचना मिली थी कि सलथुआ गांव के रास्ते यूपी से भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है . सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम गठित कर इलाके में छापेमारी शुरू की गई. पुलिस ने सलथुआ गांव के पास बताए गए रास्ते पर घेराबंदी कर दी . इसी दौरान तस्करों को पुलिस वाहन आने की भनक लग गई . जिसके बाद चालक और तस्कर सलथुआ विद्यालय से कुछ दूरी पर टाटा सूमो खड़ी कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए .
वाहन से बरामद हुई भारी मात्रा में शराब
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टाटा सूमो वाहन को जब्त कर लिया और थाने लाकर उसकी तलाशी ली . तलाशी के दौरान वाहन से विभिन्न ब्रांड की विदेशी और देशी शराब बरामद हुई. बरामद शराब में 8 पीएम स्पेशल ब्लेंड ऑफ स्कॉच एंड इंडियन ग्रीन स्कॉच की 27 पेटी में 240 पीस, रॉयल स्टेज सुपीरियर व्हिस्की के 48 पीस, रॉयल स्टेज के 24 पीस कुल 36 लीटर, किंगफिशर एक्स्ट्रा स्पेशल स्ट्रांग बीयर के 72 पीस कुल 36 लीटर तथा ब्लूलाइन देशी मसाला शराब की 6 पेटी में 270 पीस कुल 54 लीटर शामिल हैं.
वाहन नंबर के आधार पर तस्करों की तलाश
कुल मिलाकर पुलिस ने 366 लीटर अवैध शराब बरामद की है. पुलिस ने यूपी नंबर यूपी 56 एसी 1009 की टाटा सूमो को जब्त कर लिया है. कुदरा पुलिस अब वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर तस्करों और चालक की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.
Also Read: कैमूर में शादी से लौट रही महिला की सड़क हादसे में मौत, वाराणसी में इलाज के दौरान टूटी सांसें
