एयरबैग खुलने से सुरक्षित रहे बैंक मैनेजर, सिर में आयी चोट के बाद अस्पताल में भर्ती एक्सीडेंट जोन बना दैत्रा वीर स्थान, ग्रामीणों ने स्टंटबाज बाइकर्स पर कार्रवाई की मांग की रामगढ़. मोहनिया–बक्सर पथ (एनएच-319ए) पर शनिवार की दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब दैत्रा वीर स्थान के समीप एक कार बाइक सवार को बचाने के प्रयास में करीब 30 फीट गहरी खायी में जा गिरी. हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी, हालांकि एयरबैग खुल जाने से चालक की जान बच गयी. घायल की पहचान कॉपरेटिव बैंक के असिस्टेंट मैनेजर शिव शंकर सिंह के रूप में हुई है. उन्हें सिर में चोट आयी है व उनका इलाज रामगढ़ रेफरल अस्पताल में चल रहा है. घायल मैनेजर ने बताया कि वह सासाराम से रामगढ़ स्थित बैंक आ रहे थे. इसी दौरान एक छोटे पुल के पास तेज रफ्तार व अनियंत्रित बाइक को बचाने के क्रम में उनकी कार पुल से नीचे खायी में जा गिरी. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची व कार का शीशा तोड़कर चालक को बाहर निकाला. तत्पश्चात उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि दैत्रा वीर स्थान के आसपास का क्षेत्र इन दिनों एक्सीडेंट जोन बनता जा रहा है. बीते कुछ महीनों में यहां आधा दर्जन से अधिक सड़क हादसे हो चुके हैं. ग्रामीणों के अनुसार, इन दुर्घटनाओं के पीछे तेज रफ्तार व लहरिया कट चलाने वाले बाइकर्स मुख्य कारण हैं, जो बाजार से लेकर गलियों तक बाइकों को स्टंट की तरह दौड़ाते हैं. लोगों ने पुलिस व प्रशासन से ऐसे स्टंटबाज बाइक चालकों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की है. उनका कहना है कि केवल हेलमेट व कागजात की जांच से आगे बढ़कर सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने होंगे, तभी इस तरह के हादसों पर अंकुश लगाया जा सकेगा.
रामगढ़ में बाइक सवार को बचाने में कार खायी में गिरी, घायल हुआ चालक
एयरबैग खुलने से सुरक्षित रहे बैंक मैनेजर, सिर में आयी चोट के बाद अस्पताल में भर्ती
