अधौरा में जनगणना कार्य तेज, 126 प्रगणक 21 पर्यवेक्षक नियुक्त
KAIMUR NEWS. प्रखंड अंतर्गत विभिन्न गांवों में जनगणना कार्य को लेकर 126 प्रगणक और 21 पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये हैं.
अधौरा.
प्रखंड अंतर्गत विभिन्न गांवों में जनगणना कार्य को लेकर 126 प्रगणक और 21 पर्यवेक्षक नियुक्त किये गये हैं. बुधवार की सुबह 7 बजे जांच पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी रविंद्र कुमार ने कोलहुआ पंचायत के दारीहारा और जमुनीनार पंचायत के ताला गांव में पहुंचकर निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान प्रगणक व पर्यवेक्षक कार्य करते हुए पाये गये. इस दौरान पदाधिकारी ने मकान सूचीकरण और डाटा प्रविष्टि कार्य की गुणवत्ता को लेकर आवश्यक सुझाव दिये. उन्होंने निर्देश दिया कि एचएलओ ऐप में प्रविष्टि के बाद किसी भी प्रकार का डाटा डिलीट न किया जाये, बल्कि आवश्यकतानुसार एडिट किया जाए. साथ ही प्रतिदिन शाम को नेटवर्क क्षेत्र में जाकर डाटा को सिंक करने का निर्देश दिया गया, ताकि डाटा सुरक्षित रह सके.पदाधिकारी द्वारा ग्रामीणों के बीच जाकर संवाद भी किया गया. उन्होंने लोगों से अपील की कि जनगणना के दौरान अपने बारे में सही और सटीक जानकारी प्रगणक को दें.साथ ही ग्रामीणों को जागरूक करते हुए बताया गया कि किसी भी व्यक्ति से अपना बैंक डिटेल, ओटीपी आदि साझा न करें. केवल वैध पहचान पत्र के साथ आने वाले अधिकृत पर्यवेक्षक को ही जानकारी दें, ताकि 33 बिंदुओं से संबंधित सही डाटा संकलित किया जा सके.