बिहार में युवक के जेल से छूटने की खुशी में शराब पार्टी पड़ी भारी, पुलिस-ग्रामीणों के बीच पत्थरबाजी और फायरिंग

Bihar News: कैमूर जिले में एक युवक के जेल से छूटने की खुशी में नर्तकियों का डांस और शराब पार्टी की गई. लेकिन जब इसकी सूचना पुलिस को मिली तब जमकर बवाल हुआ. पुलिस और ग्रामीणों के बीच खूब पत्थरबाजी हुई और फायरिंग भी की गई.

Bihar News: कैमूर जिले में बीच सड़क पर लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया. बांस-बल्ला लगाकर कुदरा भभुआ मुख्य रोड को ब्लॉक कर दिया गया. ग्रामीणों का प्रदर्शन लगभग 6 घंटे तक चला. यह पूरा मामला जिले के कुदरा नगर पंचायत के वार्ड नंबर 8 कझार घाट टोला के पास का है. जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने घरों में घुसकर महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के साथ लाठी डंडे से जमकर मारपीट की. इस दौरान कई घरों के दरवाजे और गाड़ियां भी तोड़ दिए.

एसडीएम ने क्या बताया?

ग्रामीण महिलाओं का कहना है कि घरों में घुसकर बुजुर्ग महिलाओं और बच्चियों को भी पीटा गया है. गुरुवार की दोपहर मोहनिया एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी और डीएसपी प्रदीप कुमार दल बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों से जाम हटाने के लिए कहा लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे.

एसडीएम रत्ना प्रियदर्शनी ने कहा कि लोगों ने सड़क जाम किया. उनसे निवेदन किया गया है कि सड़क जाम कोई विकल्प नहीं है. उनके समस्याओं को सुनने हम यहां आए हैं जो कार्रवाई होगी वह की जाएगी.

क्या है पूरी घटना?

मोहनिया डीएसपी प्रदीप कुमार ने कहा कि आधी रात को कुदरा पुलिस को सूचना मिली कि 15 दिन पहले गिरफ्तार व्यक्ति जेल से छूटकर बेल पर बाहर आया है. इस खुशी में नर्तकियों का डांस और शराब पार्टी चल रही है. सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ पहुंचे. लेकिन पुलिस के यहां पहुंचते ही ग्रामीणों ने ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया और फायरिंग भी की गई.

इस दौरान जवाबी कार्रवाई में पुलिस की तरफ से भी फायरिंग की गई. इस घटना में एक युवक को गोली भी लगी है. डीएसपी ने यह भी बताया कि ग्रामीण अगर अपना लिखित आवेदन देते हैं तो जांच किया जाएगा. इसमें जो कोई भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Also Read: बिहार सरकार नहीं वसूल पा रही राजस्व, 4844 करोड़ 46 लाख रुपए बकाया, CAG रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >