कैमूर में चोरों का तांडव: रातभर सोता रहा परिवार, घर बंद कर लाखों का सामान किया गायब

Bihar Crime News: कैमूर के देवराढ खुर्द गांव में रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और कीमती सामान की चोरी कर ली. वारदात के दौरान चोरों ने परिवार के लोगों को बाहर से बंद कर दिया. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस और डॉग स्क्वायड टीम मामले की जांच में जुटी है.

Bihar Crime News: (विनोद की रिपोर्ट) कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला देवराढ खुर्द गांव का है, जहां देर रात अज्ञात चोरों ने दो घरों में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. लगातार बढ़ चोरी की घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. बेखौफ चोरों ने पहले बड़ी चालाकी से घरवालों को अंदर ही बंद कर दिया और बाहर से दरवाजे लगा दिए, ताकि कोई बाहर निकलकर शोर न मचा सके. इसके बाद चोर आराम से घर में घुसे और लाखों रुपये के जेवरात, कपड़े और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए.

घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं. लेकिन पुलिस अब तक चोरों पर लगाम लगाने में विफल साबित हो रही है. इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है और रात के समय लोग खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं.

परिवार को बंद कर दिया, फिर की चोरी

पीड़ित दयाशंकर सिंह ने बताया कि रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो रहे थे. देर रात चोर घर के बाहर पहुंचे और बड़ी चालाकी से मुख्य दरवाजे सहित अन्य दरवाजों को बाहर से बंद कर दिया. इसके बाद चोर घर में घुस गए और अलमारी, बक्से के साथ अन्य सामान को खंगालना शुरू कर दिया. चोर घर से लाखों रुपये के जेवरात, कपड़े और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. वहीं दूसरे पीड़ित गिरिजा सिंह ने बताया कि चोर उनके घर से कान का झुमका, सिकड़ी समेत लाखों रुपये मूल्य के सामान चोरी कर ले गए. सुबह जब परिवार के लोगों की नींद खुली तो दरवाजा बाहर से बंद मिला. काफी प्रयास के बाद किसी तरह बाहर निकले तो घर का सामान बिखरा पड़ा था. इसके बाद चोरी की जानकारी हुई. जिसके बाद आसपास के लोगों को बुलाया गया.

पुलिस और डॉग स्क्वायड टीम पहुंची मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही कुदरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. जिसके बाद घटनस्थल की जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है.

ग्रामीणों ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों में काफी नाराजगी देखी जा रही है. लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग भय के माहौल में जी रहे हैं. ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने और इलाके में सख्त निगरानी की मांग की है. लोगों का कहना है कि अगर समय रहते अपराधियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो उनके हौसले और बढ़ सकते हैं.

Also Read: राज्यपाल सैयद अता हसनैन का दानापुर रेजिमेंट सेंटर दौरा, वीर सैनिकों को दी श्रद्धांजलि

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ragini Shamra

Ragini Shamra is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >