Kaimur News,अमित कुमार सिन्हा: कैमूर जिले को जाम मुक्त बनाने के लिए भभुआ नगर प्रशासन अब पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है. बार-बार दी जा रही चेतावनियों के बावजूद जब अतिक्रमणकारियों की आदतों में सुधार नहीं हुआ, तो शुक्रवार को नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय के नेतृत्व में प्रशासन ने सड़कों पर उतरकर सख्त कार्रवाई की.
कारवाई और जब्ती
अभियान के दौरान उन दुकानदारों के होश उड़ गए जो नाले और सड़कों के किनारे अवैध कब्जा जमाए हुए थे. टीम ने भभुआ-मोहनिया मार्ग, पटेल चौक, वन विभाग रोड और जयप्रकाश चौक जैसे प्रमुख इलाकों में सघन तलाशी ली. भभुआ-मोहनिया रोड पर ‘लल्लू भाई मॉल’ के सामने वेंडिंग जोन में बालू और गिट्टी रखकर बेच रहे दुकानदार पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया गया और सामान जब्त कर लिया गया.
सड़क पर ईंट रखने वालों पर गाज
मुंडेश्वरी सिनेमा हॉल के पास सड़क किनारे ईंट व अन्य निर्माण सामग्री रखने वाले दुकानदारों पर भी जुर्माना ठोका गया. अभियान के दौरान कुल दो दर्जन से अधिक दुकानदारों पर आर्थिक दंड लगाया गया.
EO की सख्त चेतावनी
कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने स्पष्ट लहजे में कहा कि शहर के प्रतिबंधित क्षेत्रों और वेंडिंग जोन में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी और कहा की नगर परिषद का यह अभियान अब लगातार जारी रहेगा. जो भी दुकानदार सड़क या पटरियों पर कब्जा करेंगे, उन पर न केवल जुर्माना लगेगा, बल्कि उनका सामान भी स्थाई रूप से जब्त कर लिया जाएगा.
Also Read: पटना हाई कोर्ट में जजों और वकीलों के बीच बढ़ा विवाद, 11 मई को न्यायिक कार्य का बहिष्कार
