भभुआ थाने में पहली बार बना सीनियर सिटीजन सेल, बुजुर्गों को मिलेगा सहयोग और सुलभ न्याय

भभुआ थाने में वरिष्ठ नागरिकों के लिए सीनियर सिटीजन सेल का गठन किया गया है। अब बुजुर्गों को त्वरित न्याय और सुरक्षा के साथ विशेष सहायता प्रदान की जाएगी।

नेशनल सीनियर सिटीजन एसोसिएशन के तत्वावधान में बुधवार को भभुआ थाना परिसर में वरिष्ठ नागरिकों की आमसभा आयोजित की गई. थानाध्यक्ष मुकेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक का उद्घाटन एसडीपीओ ओमप्रकाश ने किया. इस दौरान बुजुर्गों की समस्याओं के समाधान, सुरक्षा और उन्हें सुलभ न्याय दिलाने के उद्देश्य से थाना स्तर पर सीनियर सिटीजन सेल का गठन किया गया.

संघ के राष्ट्रीय महासचिव रामायण पांडेय एलौन की देखरेख में गठित इस सेल के माध्यम से वरिष्ठ नागरिक अपनी समस्याएं सीधे पुलिस तक पहुंचा सकेंगे. बैठक में बुजुर्गों की सुरक्षा और उनके साथ होने वाले विवादों के मामलों में त्वरित कार्रवाई पर चर्चा की गई.

बुजुर्गों की देखभाल करना सभी की जिम्मेदारी

बैठक के बाद थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा कि अपने बुजुर्गों की देखभाल करना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी और कर्तव्य है. वरिष्ठ नागरिक अपनी समस्या पुलिस को बताएं, पुलिस उनकी सेवा और सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहेगी.

उन्होंने कहा कि माता-पिता और बुजुर्गों को प्रताड़ित करने वालों के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी. शहर में अकेले रहने वाले बुजुर्गों से भी अपील की गई कि वे अपनी जानकारी थाने को दें, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके.

थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि यदि कोई बुजुर्ग घर में अकेला है और अचानक उसकी तबीयत खराब हो जाती है तो 112 या थाना के नंबर पर सूचना दी जा सकती है. सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल इलाज की व्यवस्था कराने के साथ बुजुर्ग को सुरक्षित वापस घर पहुंचाने में सहयोग करेगी.

2007 में शुरू हुई थी सीनियर सिटीजन सेल की पहल

राष्ट्रीय महासचिव रामायण पांडेय एलौन ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को न्याय दिलाने के उद्देश्य से वर्ष 2007 में फरीदाबाद के तत्कालीन एसपी अशोक मित्तल ने थानों में सीनियर सिटीजन सेल के गठन की शुरुआत की थी. इसमें दो पुलिस अधिकारियों और नौ वरिष्ठ नागरिकों को शामिल कर 11 सदस्यीय सेल बनाया गया था. यह सेल बुजुर्गों की समस्याओं का समाधान करने का काम करती थी.

उन्होंने बताया कि रोहतास के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने भी वर्ष 2010 से इस व्यवस्था को शुरू किया था. कैमूर एसपी शिखर चौधरी, भभुआ एसडीपीओ ओमप्रकाश और थानाध्यक्ष मुकेश कुमार की पहल पर जिले में पहली बार इस व्यवस्था की शुरुआत की गई है.

रामायण पांडेय एलौन ने इसके लिए पुलिस अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि कई बार थाना स्तर पर न्याय नहीं मिलने के कारण बुजुर्गों में आगे कानूनी सहायता लेने का हौसला नहीं बचता. ऐसे में वरिष्ठ नागरिकों की शिकायतों पर तुरंत उचित कार्रवाई करते हुए विवादों का निपटारा सौहार्दपूर्ण तरीके से करने की जरूरत है.

उन्होंने कैमूर जिले के अन्य सभी थानाध्यक्षों से भी अपने-अपने थाना क्षेत्र में सीनियर सिटीजन सेल का गठन कराने की अपील की.

11 सदस्यीय सेल का हुआ गठन

नवगठित सीनियर सिटीजन सेल में थानाध्यक्ष मुकेश कुमार को अध्यक्ष बनाया गया है. इसके अलावा सुनील तिवारी, रंगबहादुर पांडेय, सुशीला देवी, शिवपूजन सिंह, सत्येंद्र नारायण सिंह, मोहन सिंह, रमाकांत सिंह, नथुनी सिंह, वीरेंद्र कुमार पांडेय और बिरजू सिंह पटेल को सदस्य बनाया गया है.

कार्यक्रम में सच्चिदानंद सिंह, धर्मराज पारहक, ददन द्विवेदी, गगन यादव, दाऊजी पटेल, उदयनारायण सिंह, राजेंद्र पांडेय, शिवमूरत सिंह, रामानंद सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे. बैठक के दौरान वरिष्ठ नागरिकों ने पुलिस की इस पहल का स्वागत किया और उम्मीद जताई कि सेल के माध्यम से बुजुर्गों की समस्याओं का जल्द समाधान हो सकेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमित कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >