स्टेडियम के चारों तरफ दिखी अभ्यर्थियों की भीड़
भभुआ (कार्यालय) : लंबे इंतजार के बाद आखिरकार होमगार्ड जवानों की बहाली प्रक्रिया बुधवार को शुरू हो गयी. 2009-10 यानी छह साल बाद होमागार्ड की बहाली की जा रही है. बुधवार को भभुआ जगजीवन स्टेडियम में बहाली प्रक्रिया शुरू करते हुए शारीरिक परीक्षा ली गयी. पहले दिन रामगढ़ व अधौरा प्रखंड के करीब दो हजार अभ्यर्थियों ने शारीरिक जांच परीक्षा में हिस्सा लिया. वहीं, शारीरिक परीक्षा को लेकर स्टेडियम के चारों तरफ अभ्यर्थियों के भारी भीड़ देखी गयी.
छह मिनट में दौड़ना है 1600 मीटर : शारीरिक जांच के दौरान दौड़ में वही अभ्यर्थी चयनित हुए, जिन्होंने छह मिनट में 1600 मीटर की दूरी तय की. स्टेडियम में 265 मीटर एक राउंड का ट्रैक बनाया गया है. इनमें छह मिनट में छह राउंड मारने वाले अभ्यर्थियों का चयन किया गया. वहीं, बालिकाओं को छह मिनट में 800 मीटर की दूरी तय करनी है.
उन्हें स्टेडियम में बनाये गये ट्रैक में तीन राउंड छह मिनट में दौड़ना है. एक बार में 25 से 30 लड़कों को दौड़ाया जा रहा है. वहीं, दौड़ में चयनित अभ्यर्थियों का हाइ जंप, लॉग जंप, हाइट व चेस्ट की भी माप की जा रही है. होमगार्ड चयन के लिए सिर्फ शारीरिक परीक्षा में उत्तीर्ण होना अनिवार्य है. बुधवार को करीब आठ लड़कियों ने शारीरिक जांच में हिस्सा लिया.
220 रिक्त पदों के लिए होगी बहाली : होमगार्ड बहाली के लिए 220 पद रिक्त हैं. इस बहाली के जरिये रिक्त 220 पदों के अलावा पीछे से खाली हुए पदों को भी भरा जायेगा. इसमें 10 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित है. शारीरिक परीक्षा में चयनित लड़कों का मेरिट लिस्ट जारी की जायेगी व रोस्टर के अनुसार वरीयता के आधार पर बहाली की जायेगी.
पुलिस जवानों ने खूब बढ़ाया हौसला : ट्रैक के चारों तरफ सुरक्षा व निगरानी के लिए खड़े किये गये पुलिस जवान व स्टेडियम के बाहर खड़े लोगों ने शारीरिक परीक्षा में दौड़ रहे अभ्यर्थियों का खूब हौसला बढ़ाया. समय समाप्त व अंतिम राउंड रहता था, तो जवान व आम लोग चिल्ला कर अभ्यर्थियों का हौसला बढ़ाते नजर आये.
पेड़ों पर चढ़ कर भी बहाली प्रक्रिया देखते रहे अभ्यर्थी
बहाली प्रक्रिया को देखने के लिए अभ्यर्थियों ने सारी हदे पार कर दी. स्टेडियम के अंदर दौड़ व जंप की प्रक्रिया को देखने व उसके अनुसार अपने को तैयार करने के लिए अभ्यर्थी स्टेडियम के चारों तरफ बने मकानों की छत, स्टेडियम की बाउंड्री व पेड़ों पर चढ़ कर बहाली प्रक्रिया को देखते नजर आये. अभ्यर्थियों की इस हरकत से स्टेडियम के चारों तरफ रहने वाले लोगों को पूरे दिन काफी फजीहत झेलनी पड़ी.
एसपी से लेकर वरीय अधिकारी तक रहे मौजूद
होमगार्ड के शारीरिक परीक्षा को पूरी तरह से पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन द्वारा सारी तैयारियां की गयी थी. स्टेडियम में पानी, एंबुलेंस, अग्निशमन, सहित पर्याप्त संख्या में पुलिस के जवान वरीय अधिकारी तैनात किए गये थे. शारीरिक परीक्षा के दौरान एसपी हरप्रीत कौर, एएसपी अभियान राजीव रंजन, एडीएम दिलीप कुमार, डीएसपी मुख्यालय दिलीप कुमार झा सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
