भभुआ (सदर) : बहुअन गांव से मंगलवार को सवारियों को लेकर आ रहा एक ऑटो बबुरा गांव के पास भभुआ-मोहनिया सड़क पर स्थित कुकुरनहिया पुल पर सामने से आ रहे ट्रक से बचने के चक्कर में करीब दो सौ फुट नीचे नदी में जा गिरा. सवारियों से ऊपर-नीचे लदा ऑटो के नदी में गिरने से उसमें सवार 11 लोग घायल हो गये. घायलों में एक 18 वर्षीय युवती के साथ तीन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.
घटना के संबंध में बताया जाता है कि मंगलवार की दोपहर 12 बजे बहुअन गांव से चलने वाले विक्रम ऑटो पर ग्रामीण सवार होकर भभुआ बाजार करने आ रहे थे. ऑटो गांव का ही अजय धोबी नामक ड्राइवर चला रहा था. इसी दौरान भभुआ आने के दौरान बबुरा व परसिया गांव के बीच भभुआ-मोहनिया रोड पर स्थित पुल पर चढ़ते ही सामने से ट्रैक्टर को ओवर टेक करते आ रहे. ऑटो ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और ट्रक से बचने के चक्कर में ऑटो किनारे जाते हुए बबुरा पुल के नीचे लुढकते हुए जा गिरा. वह तो गनीमत थी कि कुकुरनहिया नदी सुखी हुई थी, वरना पानी रहने पर बड़ा हादसा हो सकता था. ऑटो के नदी में गिरने से उसमें सवार 11 लोग घायल हो गये. सभी बहुअन गांव के बताये जाते हैं.
घटना के बाद व्यस्त सड़क के कारण लोगों की भीड़ जुट गयी व तत्काल घायलों को सदर अस्पताल भेजा गया. घायलों में बहुअन गांव के ओम प्रकाश सिंह (27 वर्ष), चंद्रशेखर सिंह (25 वर्ष), तेतरा देवी पति छट्ठु धोबी (35 वर्ष), दिनेश कुमार (20 वर्ष), जितेंद्र कुमार (20 वर्ष), शांति देवी पति अजय राम (25 वर्ष), इनरपाती देवी पति रामराज सिंह (50 वर्ष), राजा राम सिंह (50 वर्ष), राम लाल बिंद (58 वर्ष), सीतामुनी कुमारी पिता रामराज सिंह (18 वर्ष) व फुलमति देवी को इलाज के लिए भरती कराया गया.
डॉ एसके मांझी व स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा सभी घायलों का इलाज किया गया. घायलों में गंभीर घायल राम लाल बिंद, सीतामुनी कुमारी, फुलमती देवी, चंद्रेश्वर कुशवाहा, राजाराम सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है. फिलहाल, सदर अस्पताल में घायलों का इलाज किया जा रहा है.
