– भभुआ-मोहनिया रोड स्थित मरचांव गेट के समीप हुई दुर्घटना
भभुआ(कैमूर). कैमूर डीएम राजेश्वर प्रसाद सिंह के स्कॉट वाहन से शुक्रवार की दोपहर 65 वर्षीय एक वृद्ध की मौत हो गयी. इससे आक्रोशित गांववालों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग करते हुए भभुआ-मोहनिया रोड को मरचांव गेट के समीप जाम कर दिया. हादसे के दौरान आगे चल रहे डीएम को इसकी जानकारी हुई, तो उन्होंने एसडीओ व सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारियों को मौके पर भेजा.
लेकिन, तब तक आक्रोशित गांववालों ने शव सड़क पर रख कर जाम लगा दिया. इससे भभुआ-मोहनिया रोड पर दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही. इस दौरान वाहनचालक व आमलोग परेशान रहे.
जानकारी के मुताबिक, भभुआ प्रखंड के कोशडिहरा गांव के रहनेवाले रामेश्वर सिंह शुक्रवार को धान का बकाया पैसा लेने रतवार गांव स्थित एक मिलर के पास गये हुए थे. मिलर से तकादा कर साइकिल से दोपहर बाद वह अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान पुसौली से निरीक्षण कर लौट रहे डीएम के स्कॉट वाहन की चपेट में वह आ गये.
