बेसिक ग्रेड के 77 व स्नातक ग्रेड के नौ पदों पर हुई बहाली
आधी से ज्यादा सीटें रह गयीं खाली
भभुआ (नगर) : उर्दू व बांगला अभ्यर्थियों के लिए बुधवार को भभुआ स्थित इंटरस्तरीय उच्च विद्यालय( टाउन हाइस्कूल) में प्रखंड शिक्षकों के नियोजन के लिए कैंप आयोजित किया गया. इसमें अभ्यर्थियों का चयन काउंसलिंग के माध्यम से किया गया. जिलास्तर पर आयोजित कैंप के लिए विभिन्न प्रखंडों के लिए अलग-अलग काउंटर बनाये गये थे. सुबह 10 बजे से ही शिक्षक बनने की चाहत लिए सैकड़ों अभ्यर्थी टाउन हाइस्कूल प्रांगण में मौजूद थे.
नियोजन कैंप में कई ऐसे अभ्यर्थी भी पहुंचे, जो पहले से ही जिले के विभिन्न स्कूलों में शिक्षक के पद पर काम कर रहे. ऐसे अभ्यर्थियों ने बताया कि अभी जहां कार्यरत हैं, वहां से स्कूल की दूरी काफी अधिक है. इस नियोजन कैंप के माध्यम से अपने प्रखंड व पंचायत में बहाली को लेकर यहां पहुंचे.
कैंप के दौरान किसी भी कोटी में अभ्यर्थियों के चयन को लेकर प्रत्येक नियोजन इकाई द्वारा कोटिवार रिक्ति की 10 गुणा अधिक अभ्यर्थियों की सूची बतायी गयी थी. जिलास्तर पर लगे कैंप के दौरान कुल रिक्ति बेसिक ग्रेड में विभिन्न कोटी के महिलाओं के लिए रिक्त 95 सीटों में 36 सीटों पर बहाली हुई, वहीं पुरुषों के लिए विभिन्न कोटी में रिक्त 114 पदों में 41 सीटों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया.
वहीं स्नातक ग्रेड में महिलाओं के लिए रिक्त 43 पदों में सिर्फ तीन पदों पर नियुक्ति हुई. वहीं पुरुषों में 22 सीटों पर छह पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र दिया गया. प्रखंड स्तर के लिए लगे नियोजन कैँप में बेसिक ग्रेड की कुल 209 रिक्तियां थीं, जिनमें केवल 86 पदों पर नियुक्ति हुई.
वहीं स्नातक ग्रेड के 65 पदों में सिर्फ नौ सीटों पर बहाली हुई. इस नियोजन कैंप में आधा से अधिक सीटें खाली रह गयीं. शिक्षक बनने की चाह लिए सैकड़ों अभ्यर्थी जिनकी नियुक्ति मेधा अंक कम रहने के कारण नहीं हुई, उनके चेहरे पर मायूसी दिखी. वहीं जिन अभ्यर्थी को नियोजन पत्र मिला, उनके चेहरे पर शिक्षक बनने की खुशी साफ दिखी. सफल अभ्यर्थियों ने मिठाई खिला कर एक दूसरे को बधाई दी.
उर्दू अभ्यर्थियों के पंचायत शिक्षकों के लिए आज यानी गुरुवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों में निर्धारित स्कूलों में कैंप लगाया जायेगा. इसमें आज ए से एम वर्णआक्षर वाले पंचायतों व पांच फरवरी को एन से जेड वर्णआक्षर वाले पंचायत में कैंप लगेगा.
