भभुआ (सदर) : सरकार की ओर से स्वास्थ्य संबंधी दी जाने वाली राशि अब सीधे लाभार्थी व आशा के बैंक खाते में चली जायेगी. इस माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी प्रोत्साहन राशि की जानकारी पाने के लिए बार-बार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे और सरल उपाय से प्रोत्साहन राशि बिना किसी देरी व कटौती के सीधे बैंक खाते में जमा हो जायेंगे. जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा बुधवार को सरकार की इस योजना को जिले में फलीभूत करने के लिए 22 फसीलिटेटरों को इसकी जानकारी देते हुए प्रशिक्षित किया गया.
सिविल सर्जन कार्यालय सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षिण कार्यक्रम में राज्यस्तर से आये प्रशिक्षकों ने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी जानकारी के लिए आशा को वित्तीय साक्षर होना बहुत जरूरी है.
प्रशिक्षण दे रही ट्रेनर सोनिया सिंह व रीतिका राय ने आशा फैसीलिटेटरों को प्रशिक्षित करते हुए कहा कि आशा को पीएफएमएस (सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन) प्रणाली, बैंक खाता खोलने के लाभ, प्रक्रिया व आधार नामांकन करने की जानकारी होना बहुत जरूरी है.
वह लाभार्थी महिलाओं को सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली के बारे में प्रेरित व उन्हें बैंक में खाता खोलने में मदद कर सके. इसके पूर्व इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जिला स्वास्थ्य समिति के जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ विवेक कुमार सिंह द्वारा किया गया. इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में आशा फैसीलिटेटरों के अलावा प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक शिवानंद पांडेय सहित अन्य मौजूद थे.
