भभुआ : बिहार में कैमूर जिले के भभुआ थाना क्षेत्र निवासी, इंटरमीडियट के एक छात्र को पाकिस्तान की गुप्तचर संस्था आईएसआई में शामिल होने के लिए कल आये एक कथित फोन कॉल की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
पुलिस अधीक्षक हरप्रीत कौर ने आज बताया कि भभुआ थाना अंतर्गत अखलासपुर गांव का निवासी मुकेश कुमार एक स्थानीय कालेज में इंटरमेडियट की पढ़ाई करने के साथ कपड़े की एक दुकान में सेल्समैन का पार्टटाइम काम करता है. उसे कल सुबह 9 बज कर 58 मिनट पर पाकिस्तान के एक नंबर से फोन कॉल आया.
उन्होंने बताया कि व्यस्तता के कारण मुकेश काल रिसीव नहीं कर पाया लेकिन उसने जब बाद में उसी नंबर पर कॉल बैक किया तो दूसरी ओर से बताया गया कि बात पाकिस्तान से हो रही है. उसे कथित तौर पर कहा गया कि आईएसआई में शामिल होने पर बहुत पैसा मिलेगा.
कौर ने बताया कि मुकेश ने तत्काल कॉल काट दी और स्थानीय भभुआ थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
