भभुआ (नगर) : रविदास आश्रम में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला इकाई की बैठक हुई. इसकी अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र पांडेय ने की. बैठक में मौजूद पार्टी के प्रदेशमंत्री सह कैमूर के चुनाव प्रभारी मृत्युंजय झा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि फरवरी माह के अंत तक जिले के सभी प्रखंड अध्यक्षों का चुनाव करा लेना है.
साथ ही पांच फरवरी तक जिले के सभी बूथों पर बूथ अध्यक्ष का चुनाव भी करा लेना है. कोई भी कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य बनने से वंचित न रह जाये, इसका भी ध्यान रखना है. उन्होंने कहा कि कैमूर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में जनप्रतिनिधि हैं. अत: समाज के सभी वर्गों के बीच भाजपा को पहुंचाना है.
पार्टी की विचारधारा व संगठन को मजबूत बनाने के लिए लोगों की समस्याओं को सुनना होगा. इसके साथ ही जिला चुनाव प्रभारी श्री झा ने जिला सह चुनावी प्रभारी के रूप में काशीनाथ सिंह व संतोष खरवार के नामों की घोषणा की. इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष बासुदेव पांडेय, काशीनाथ सिंह, कृष्णा जायसवाल, संजय श्रीवास्तव, वीणा श्रीवास्तव आदि मौजूद थे.
