भभुआ (सदर) : जिले भर में 67 वें गणतंत्र पूरे हषोल्लास व धूमधाम से बनाया गया. इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर तिरंगा फहराया गया और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किये गये. जिला का मुख्य समारोह जगजीवन स्टेडियम में मनाया गया.
इस अवसर पर जगजीवन स्टेडियम में अनुसूचित जाति विकास मंत्री सह जिले के प्रभारी मंत्री संतोष कुमार निराला द्वारा प्रात: 9 बजे तिरंगा झंडा फहराया गया और परेड की सलामी ली.
इस अवसर पर प्रभारी मंत्री के अलावा डीएम राजेश्वर प्रसाद सिंह, एसपी हरप्रीत कौर, जिप अध्यक्ष उमरावती देवी, नप सभापति बजरंग बहादुर सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष चंद्रप्रकाश आर्य, बनारसी सिंह सहित सिविल कोर्ट के न्यायिक पदाधिकारी, गणमान्य लोग, बच्चे व काफी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे.
मुख्य आयोजन के अलावा भी सभी सरकारी, अर्द्ध सरकारी व स्कूलों, चौक-चौराहों पर भी तिरंगा झंडा फहराया गया और राष्ट्रीय गीत गाकर तिरंगे को सलामी दी गयी. जिला समाहरणालय पर डीएम राजेश्वर प्रसाद सिंह व पुलिस लाइन केंद्र में एसपी हरप्रीत कौर द्वारा झंडा फहराया गया.गणतंत्र दिवस के मौके पर जिले के कुल 531 महादलित टोलों में ध्वजारोहण किया गया. वहीं बबुरा गांव के एक महादलित टोले में वरिष्ठ नागरिक के द्वारा झंडोत्तोलन के दौरान प्रभारी मंत्री के साथ आलाधिकारी भी शामिल रहे. इसके अलावे सभी महादलित टोलों में चश्मे का भी वितरण किया गया.
परेड में सैप, बीएमपी, डीएपी, होमगार्ड के अलावा पटेल कॉलेज, पटेल डिग्री महिला कॉलेज, शहीद संजय सिंह की एनसीसी के छात्र-छात्राएं, स्काउट व गाइड व बालिका मध्य विद्यालय की छात्राओं ने भाग लिया.
वहीं परेड का नेतृत्व डीएसपी गौरव पांडेय व मेजर संतोष कुमार ओझा द्वारा किया गया, जबकि ध्वजा रोहण के दौरान राष्ट्रीय गान समूह में राज्य संपोषित बालिका विद्यालय की छात्राओं द्वारा गाया गया. ध्वजारोहण व परेड की सलामी के बाद विभिन्न स्कूली संस्थाओं द्वारा देश भक्ति से ओत-प्रोत कर देने वाले गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुती देकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया.
मोहनिया के रॉकिंग डांस एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने जय हो व हम इंडिया वाले फिल्मी गीतों पर समा बांधा. डीएवी रतवार ने सांप्रदायिक सौहार्द पर बने ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ पर आकर्षक प्रस्तुति दी.संजीवनी पब्लिक स्कूल के होनहार छात्र-छात्राओं ने भी डांस के माध्यम से देश के गणतंत्र होने का अहसास कराया. इसके पश्चात स्टेडियम में विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गयी.
