भभुआ (सदर) : जिला प्रशासन द्वारा प्रस्तावित 14 विभागों द्वारा झांकी के माध्यम से अपनी प्रस्तुति दी गयी. जिसमें सबसे पहले स्थान पर शिक्षा की जागरूकता पर नेहरू युवा केंद्र, जिला स्वास्थ्य समिति में परिवार नियोजन व रक्त दान-जीवन दान की महता बतायी गयी, जबकि आइसीडीएस द्वारा बाल कुपोषण मुक्ति अभियान, अल्पावास की गृह की सुविधाएं, महिला हेल्प लाइन को दी जाने वाली मदद की तीन झांकियां निकाली गयी.
नगर पर्षद द्वारा शहर की साफ-सफाई और इसकी जागरूकता पर मनमोहक प्रस्तुति झांकी के माध्यम से दी गयी. इसके अलावा अन्य विभागों के झांकी भी अपनी-अपनी झांकियां प्रस्तुत कर लोगों में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया. मुख्य समारोह के आयोजन से पूर्व 67 वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर मंगलवार को प्रात: 6 बजे स्कूली बच्चों द्वारा शहर में प्रभातफेरी निकाली गयी.
प्रभात फेरी में जिला शिक्षा पदाधिकारी सत्य नारायण प्रसाद के अलावे प्रशासनिक पदाधिकारी व गणमान्य लोग शामिल रहे. जबकि प्रभात फेरी में भूतपूर्व जिला पार्षद अनुराधा रस्तोगी व उनके पति सुरेंद्र रस्तोगी द्वारा महात्मा गांधी व कस्तुरबा गांधी का गेटअप देकर सबको एकबारगी गांधी दर्शन करा दिए. भूतपूर्व जिला पार्षद व उनके पति को गांधी और कस्तुरबा को जीवंत रूप देने पर दोनों दंपत्ति को मुख्य समारोह के मंच पर प्रभारी मंत्री द्वारा अभिनंदन भी किया गया. मुख्य समारोह स्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर व्यापक इंतजाम किए गये थे.
स्टेडियम के दोनों उतरी मुख्य द्वारा पर जहां से आम जनता को प्रवेश करना था वहां मेटल डिटेक्टर लगे दरवाजे से लोगों को प्रवेश कराया गया. जबकि मुख्य द्वार पर सुरक्षा के दृष्टि से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किये गये.
