भभुआ (सदर) : सोनहन थाना क्षेत्र के रुद्रवार कला गांव के पास बुधवार की देर शाम कुछ लोगों ने पुरानी दुश्मनी को लेकर एक मैजिक चालक को बेरहमी से पीट कर जख्मी कर दिया.
मैजिक चालक रुद्रवावर कला गांव का रहनेवाला है. वह अपने दोस्त झुनझुन के साथ गांव से सटे भीखमपुरा बाजार से देर शाम साढ़े सात बजे घर लौट रहा था. इसी दौरान रुद्रवार खुर्द गांव के पास पहुंचते ही कुछ लोगों ने उसे पकड़ लिया और चोर चोर का शोर मचाते हुए मारते-पीटते कुंवर नाथ पासवान की झोंपड़ी में ले गये और बांध कर लाठी डंडे से जबरदस्त पिटाई कर दी.
इधर चालक को पकड़ कर ले जाने के बाद उसका दोस्त वहां से भाग निकला और गांव में जा कर इसकी सूचना दी. सूचना पर चालक के पिता अवधेश गुप्ता द्वारा सोनहन थाने को खबर कर घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और चालक को झोपड़ी से घायल हालत में निकाला. चालक को गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. जख्मी चालक का इलाज चिकित्सक डाॅ अरविंद कुमार ने किया.
इस मामले में सोनहन थानाध्यक्ष ने बताया कि चार माह पूर्व लड़की के मामले को लेकर विवाद हुआ था. इसी मामले को लेकर लोगों ने चालक के साथ मारपीट की. उन्होंने बताया कि घायल चालक के बयान पर रुद्रवार खुर्द के बाल किशुन पासवान, लाली पासवान, कमला पासवान व रमता पासवान सहित अन्य पर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच की जा रही है.
