Jehanabad news: बिहार स्वच्छता कर्मचारी यूनियन के बैनर तले हुलासगंज प्रखंड के चिरी पंचायत में स्वच्छता कर्मचारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया. सम्मेलन में स्वच्छता कर्मचारियों के महीनों से लंबित वेतन के भुगतान, काम करने के लिए सुरक्षा किट और पहचान पत्र उपलब्ध कराने तथा खराब ई-रिक्शा की समस्या समेत अन्य मुद्दों पर चर्चा की गई. इस दौरान आगामी 2 सितंबर को पटना में होने वाले राज्यस्तरीय प्रदर्शन को सफल बनाने को लेकर भी रणनीति तैयार की गई.
महीनों से वेतन लंबित होने का आरोप
सम्मेलन में शामिल स्वच्छता कर्मचारियों ने बताया कि उनका महीनों से वेतन भुगतान लंबित है. कर्मचारियों का कहना था कि सरकार की ओर से एक साल का भुगतान अग्रिम दिए जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन इसके बावजूद स्वच्छता कर्मचारियों का वेतन लगातार लंबित रह रहा है.
कर्मचारियों ने कहा कि वेतन लंबित रहने से उनके जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है.
पहचान पत्र और सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की मांग
स्वच्छता कर्मचारियों ने कहा कि उन्हें अब तक पहचान पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया है, जबकि किसी भी कर्मचारी के लिए पहचान पत्र जरूरी है. कर्मचारियों ने काम के दौरान सुरक्षा किट उपलब्ध कराने की भी मांग की. इसके अलावा खराब पड़े ई-रिक्शा के कारण काम में होने वाली परेशानी का मुद्दा भी सम्मेलन में उठाया गया.
5 हजार रुपये में काम कराने का आरोप
स्वच्छता कर्मचारियों ने कहा कि मात्र 5 हजार रुपये में काम करवाया जा रहा है. उन्होंने इसे सरकार के न्यूनतम वेतन कानून का उल्लंघन बताया और उचित भुगतान की मांग की.
पांच सदस्यीय कमेटी का गठन
सम्मेलन के अंत में पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया. इसमें मंटु राम को अध्यक्ष, सुनील कुमार को सचिव, अमका मांझी को उपाध्यक्ष तथा सुरेंद्र मोची और नन्दु पासवान को कमेटी सदस्य चुना गया.
समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
सम्मेलन को संबोधित करते हुए स्वच्छता कर्मचारी यूनियन के प्रदेश महासचिव उमाशंकर वर्मा ने कहा कि यदि कर्मचारियों की समस्याओं का अभिलंब समाधान नहीं किया गया तो इसके खिलाफ जुझारू आंदोलन चलाया जाएगा. उन्होंने 2 सितंबर को ऑल इंडिया यूनाइटेड ट्रेड यूनियन सेंटर की ओर से मजदूरों एवं कर्मचारियों की मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष होने वाले राज्यस्तरीय प्रदर्शन को सफल बनाने की अपील की.
Also Read: बिहार के इन 18 जिलों में आज बिगड़ा रहेगा मौसम, बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना
