जहानाबाद नगर.
आगामी विधानसभा चुनाव में दिव्यांगजनों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसोसिएशन ऑफ पर्सन्स विथ डिसेबिलिटीज़ की राष्ट्रीय टीम जहानाबाद पहुंची. सबसे पहले अतिथि गृह में स्थानीय पदाधिकारियों और दिव्यांगजनों ने उनका भव्य स्वागत किया. स्वागत समारोह में फूलमालाओं और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण कुमार मिश्रा एवं कार्यकारी अध्यक्ष हरदेव प्रसाद का अभिनंदन किया गया. इस दौरान जिले के दिव्यांगजन उत्साह और उमंग से सराबोर दिखे. अतिथि गृह से निकलने के बाद राष्ट्रीय टीम काको प्रखंड कार्यालय सभागार पहुंची, जहां दिव्यांग मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रवीण कुमार मिश्रा ने कहा कि चुनाव आयोग ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि कोई भी मतदाता, विशेषकर दिव्यांगजन, मताधिकार से वंचित न रहे. इसी संदेश को लेकर हम पूरे बिहार का दौरा कर रहे हैं और दिव्यांग मतदाताओं को जागरूक बना रहे हैं. लोकतंत्र तभी सशक्त होगा जब समाज के सभी वर्ग, खासकर दिव्यांगजन, अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएंगे. उन्होंने यह भी अपील की कि दिव्यांगजन मतदान के दिन उत्साहपूर्वक अपने-अपने बूथ पर जाएं और अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं, क्योंकि लोकतंत्र की असली ताक़त सभी की भागीदारी से ही बनती है. इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हरदेव प्रसाद, जिलाध्यक्ष नवीन कुमार, प्रदेश प्रोग्राम मैनेजर-यशु पाल, महिला प्रकोष्ठ प्रभारी अंजू कुमारी सहित सैकड़ों दिव्यांगजन मौजूद थे. वक्ताओं ने चिंता व्यक्त की कि अब भी बड़ी संख्या में दिव्यांगजन चुनाव में मतदान नहीं कर पाते, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चुनौती है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
