पटना में छात्र प्रदर्शन के बाद जहानाबाद में हाई अलर्ट, डीएम-एसपी ने की विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक

पटना में छात्र प्रदर्शनों के बाद जहानाबाद जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है. जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की, जिसमें संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और सोशल मीडिया पर पैनी नजर रखने पर जोर दिया गया.

Jehanabad Law and Order: पटना में छात्रों के उग्र प्रदर्शन के मद्देनज़र राज्यभर में जारी अलर्ट के बाद जहानाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया एवं पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई.

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सदर), पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने जिले की वर्तमान कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ाई जाएगी निगरानी

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए. सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों तथा भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाए. उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, अशांति या अप्रिय घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष नजर

बैठक में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों को कहा गया कि अफवाह फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए. साथ ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए.

अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण का निर्देश

डीएम और एसपी ने सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है. लोगों से कहा गया है कि वे किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें. प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Mritunjay Jehanabad

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >