Jehanabad Cyber Crime: पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देशन में एससी-एसटी थाना पुलिस एवं पुलिस दीदी टीम (अभया ब्रिगेड) की ओर से आदर्श मध्य विद्यालय उमता धरनई में ‘ऑपरेशन विधि पालक युवक’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति जागरूक कर सुरक्षित रखना था.
संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की दी सलाह
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस दीदी टीम ने स्कूली छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के तरीकों की जानकारी दी. टीम ने बताया कि बच्चे अक्सर मोबाइल पर गेम खेलते हैं और इस दौरान आने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक कर देते हैं.
पुलिस टीम ने बताया कि ऐसे संदिग्ध लिंक के जरिए साइबर अपराधी मोबाइल से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकते हैं. इसके बाद मोबाइल नंबर पर कॉल कर लोगों को झांसे में लेकर साइबर अपराध की घटनाओं को अंजाम दिया जा सकता है. विद्यार्थियों को किसी भी अनजान या संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई.
सोशल मीडिया पर फोटो साझा करने को लेकर भी किया सतर्क
पुलिस दीदी टीम ने बच्चों को सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी सावधान किया. टीम ने बताया कि बच्चे और परिवार के सदस्य अक्सर सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें साझा करते हैं. साइबर अपराधी इन तस्वीरों का गलत इस्तेमाल कर सकते हैं और परिजनों को डराने-धमकाने के बाद पैसे की मांग कर सकते हैं.
महिला सुरक्षा और मानव व्यापार की रोकथाम पर जानकारी
जागरूकता अभियान के दौरान डिजिटल वातावरण को बढ़ावा देने एवं ‘नया सबेरा 3.0’ के तहत महिला सशक्तीकरण से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी गई. साथ ही मानव व्यापार की रोकथाम, महिला सुरक्षा एवं महिला उत्थान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गई.
पुलिस टीम ने बच्चों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें डराता-धमकाता है तो वे घबराएं नहीं और इसकी शिकायत पुलिस के टोल फ्री नंबर पर करें. टीम ने कहा कि सावधानी और सतर्कता ही साइबर अपराध से बचने का सबसे बड़ा साधन है.
विधि विरुद्ध बालकों को कानून की जानकारी दी
पुलिस टीम ने बच्चों को विधि विरुद्ध बालक एवं बालिकाओं से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी. टीम ने बताया कि कई बच्चों को कानून की जानकारी नहीं होती और वे अनजाने में अपराध कर बैठते हैं. ऐसे संदिग्ध गतिविधियों से बच्चों को बचाना जरूरी है, अन्यथा वे कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं.
Also Read: बिहार के इन 18 जिलों में आज बिगड़ा रहेगा मौसम, बारिश के साथ बिजली गिरने की भी संभावना
