जहानाबाद: शकूराबाद में 20 कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, साथी फरार, जांच में जुटी पुलिस

शकूबाराद थाना पुलिस ने स्वास्थ्य केंद्र के पास से 315 बोर के 20 कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. पुलिस कारतूस बेचने की नीयत से आए दोनों युवकों की तलाश में जुटी है.

jehanabad News : रतनी के शकूराबाद थाना पुलिस ने रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शकूराबाद के समीप से 20 कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस को देखकर भाग रहे दो संदिग्ध युवकों में से एक को खदेड़कर पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया.

झोले से मिले 315 बोर के 20 कारतूस

थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि बुधवार देर शाम सहायक अवर निरीक्षक शिव सहाय यादव संध्या गश्ती के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के पास मौजूद थे. इसी दौरान पुलिस ने दो युवकों को संदिग्ध अवस्था में देखा. पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे. संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया. उसके पास मौजूद झोले की तलाशी लेने पर उसमें से 315 बोर के 20 कारतूस बरामद हुए. इसके बाद युवक को हिरासत में लेकर थाना लाया गया. गिरफ्तार युवक की पहचान अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के मुरारी का टोला बुधनबीघा गांव निवासी जयप्रकाश कुमार उर्फ राणा प्रताप कुमार के रूप में हुई है.

अंधेरे का फायदा उठाकर साथी फरार

पुलिस के अनुसार जयप्रकाश के साथ मौजूद दूसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. उसकी पहचान अरवल जिले के वंशी थाना क्षेत्र के सिधरामपुर गांव निवासी बृजनंदन यादव उर्फ कमलेश कुमार के रूप में हुई है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

कारतूस बेचने की नीयत से आने का आरोप

पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में जानकारी सामने आई है कि दोनों युवक मोटरसाइकिल से जहानाबाद से शकूराबाद की ओर कारतूस बेचने के उद्देश्य से आए थे. पुलिस की गाड़ी देखकर दोनों घबरा गए और भागने लगे, जिसके बाद पुलिस को उन पर संदेह हुआ. मामले में दोनों युवकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार जयप्रकाश कुमार से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही कारतूस के स्रोत और उसके संभावित खरीदारों का भी पता लगाने में जुटी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Avinash kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >