Municipal Council Bulldozer : जहानाबाद जिलाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया के निर्देश पर शुक्रवार को नगर परिषद की ओर से शहर में व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. अभियान के तहत अरवल मोड़ से हॉस्पिटल मोड़ तक सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जे को जेसीबी की मदद से हटाया गया. इस दौरान ठेला, गुमटी, शेड, सड़क किनारे बनाए गए छज्जे और अन्य अस्थायी निर्माण को भी हटाया गया.
प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती थी
अरवल मोड़ से हॉस्पिटल मोड़ तक का मार्ग शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल है. लंबे समय से दुकानदारों और ठेला-खोमचा संचालकों द्वारा सड़क एवं फुटपाथ के हिस्से पर अतिक्रमण किए जाने से मार्ग संकरा हो गया था. इसके कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती थी. पैदल यात्रियों को भी आवागमन में परेशानी होती थी. सड़क पर अतिक्रमण के कारण वाहनों और राहगीरों के बीच दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी.
अभियान शुरू होते ही मचा हड़कंप
अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होते ही कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया. नगर परिषद की टीम ने सड़क किनारे लगाए गए ठेला, गुमटी, अवैध शेड, छज्जे और अन्य अस्थायी निर्माण को हटाया. साथ ही संबंधित लोगों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई.
अब रोज चलेगा अभियान
नगर परिषद के अधिकारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शहरवासियों को जाम की समस्या से राहत दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान अब प्रतिदिन चलाया जाएगा. इसके लिए चार कर्मचारियों को लगाया गया है, जो नियमित रूप से संबंधित क्षेत्रों में ड्यूटी कर अतिक्रमण पर नजर रखेंगे.
दोबारा अतिक्रमण करने पर लगेगा जुर्माना
उन्होंने दुकानदारों से अपनी दुकानों की सीमा के भीतर ही सामान रखने की अपील की. साथ ही चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर सामान जब्त करने के साथ जुर्माना भी लगाया जाएगा. नगर परिषद की कार्रवाई से आम लोगों ने राहत की सांस ली है. लोगों ने उम्मीद जताई कि नियमित अभियान चलने से शहर को जाम और अतिक्रमण की समस्या से स्थायी राहत मिलेगी.
