jehanabad News : कलेर में ग्रामीण गरीबों और मजदूरों के ज्वलंत मुद्दों को लेकर स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर गुरुवार से कलेर प्रखंड मुख्यालय में भाकपा माले के नेतृत्व में दो दिवसीय सामूहिक अनशन-सत्याग्रह शुरू हुआ. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मजदूर, महिला और पुरुष शामिल हुए. करीब 10 नेता और कार्यकर्ता दो दिनों तक सामूहिक अनशन पर बैठे हैं.
अनशनकारियों को माला पहनाकर सत्याग्रह पर बैठाया
कार्यक्रम में भाकपा माले के जिला सचिव जितेंद्र यादव ने अनशनकारियों को माला पहनाकर सत्याग्रह पर बैठाया. उन्होंने आंदोलन का जायजा लेते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया. अनशन पर बैठने वालों में सुरेंद्र प्रसाद, चंद्र प्रभा देवी, गीता देवी, कृष्णा राजवंशी और मो. वाहिद अंसारी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं.
कार्यक्रम को त्यागी जी, चंद्र प्रभा देवी, सुरेंद्र प्रसाद और प्रमोद राम समेत कई नेताओं ने संबोधित किया.
गरीबों को बसे हुए स्थान पर जमीन का पर्चा देने की मांग
पूर्व विधायक महानंद सिंह ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण गरीबों और मजदूरों के सामने कई तरह की समस्याएं खड़ी हो रही हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब परिवारों को बासगीत पर्चा देने में सरकार की ओर से टालमटोल की जा रही है.
उन्होंने मांग की कि जो गरीब लंबे समय से जिस स्थान पर बसे हुए हैं, उन्हें संबंधित कानून के तहत उसी जमीन का पर्चा दिया जाए. वक्ताओं ने 1947 में बने बीपीपीएचटी एक्ट के तहत गरीबों को बसे हुए स्थान पर जमीन का पर्चा देने की मांग उठाई.
राशन कार्ड और मनरेगा का मुद्दा भी उठा
महानंद सिंह ने कहा कि आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और राशन कार्ड जैसे दस्तावेजों को नागरिकता के प्रमाण के रूप में स्वीकार नहीं किए जाने से गरीब परिवारों को जरूरी प्रमाण पत्र बनवाने में परेशानी हो रही है.
उन्होंने राशन कार्ड से गरीबों के नाम काटे जाने और मनरेगा के तहत मजदूरों के काम के अधिकार को कमजोर किए जाने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के खिलाफ मजदूरों और गरीबों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा.
आंदोलन को मजबूत करने की अपील
जिला सचिव जितेंद्र यादव ने कहा कि ग्रामीण गरीबों के अधिकार और उनकी मूलभूत समस्याओं को लेकर सामूहिक अनशन शुरू किया गया है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से आंदोलन को मजबूत बनाने और अधिक से अधिक मजदूरों तथा गरीब परिवारों को इससे जोड़ने की अपील की.
