jehanabad News : जहानाबाद के राजा बाजार स्थित रेलवे अंडरपास में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने स्थल निरीक्षण किया. उन्होंने नगर परिषद की ओर से कराए जा रहे नाला निर्माण एवं जल निकासी संबंधी कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
चेक वॉल की होगी उड़ाही, मोटर से निकलेगा पानी
डीएम ने रेलवे अंडरपास के नाले में जगह-जगह बने चेक वॉल की उड़ाही और समुचित साफ-सफाई कराने का निर्देश नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया. उन्होंने कहा कि जब तक जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक मोटर के माध्यम से पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं हो.
अंडरपास के पास जाम और अतिक्रमण पर भी निर्देश
निरीक्षण के दौरान डीएम ने राजा बाजार रेलवे अंडरपास के समीप लगने वाले जाम की स्थिति का भी जायजा लिया. उन्होंने यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
नाले को चौड़ा करने का निर्देश
एनएच-110 के जहानाबाद-अरवल मार्ग पर रेलवे अंडरपास के समीप निर्मित नाली की जल निकासी क्षमता बढ़ाने के लिए डीएम ने आवश्यकतानुसार उसे और चौड़ा करने का निर्देश संबंधित कार्यपालक अभियंता को दिया. उन्होंने कहा कि नाली में पानी का निर्बाध बहाव सुनिश्चित किया जाना जरूरी है.
समस्या बनी रही तो तैयार होगा डीपीआर
डीएम ने पथ निर्माण विभाग और बुडको के अधिकारियों को निर्देश दिया कि नाला निर्माण, उड़ाही और साफ-सफाई के बाद भी यदि अंडरपास में जलजमाव की समस्या बनी रहती है तो तकनीकी पहलुओं का आकलन कर स्थायी समाधान के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार किया जाए. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, बुडको के कार्यपालक अभियंता, एनएच-110 के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
