जहानाबाद: चैती पीपर मामले में भाकपा-माले का प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिला, पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा और सुरक्षा की मांग

भाकपा-माले के प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी से मिलकर चैती पीपर गांव के पीड़ित परिवारों के लिए न्याय, सुरक्षा और समुचित राहत की मांग की. उन्होंने बालू माफिया हमले में घायल हुए लोगों के लिए 10 लाख रुपये मुआवजा और निष्पक्ष जांच की मांग की है.

Jehanabad News: भाकपा-माले के मगध प्रभारी कुमार परवेज के नेतृत्व में गुरुवार को पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी से मुलाकात कर विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा. प्रतिनिधिमंडल में चैती पीपर गांव के पीड़ित परिवारों के सदस्य भी शामिल थे. ज्ञापन के माध्यम से घोसी थाना क्षेत्र के चैती पीपर गांव के प्रभावित परिवारों को न्याय, सुरक्षा और समुचित राहत उपलब्ध कराने की मांग की गई.

निष्पक्ष जांच की उठी मांग

भाकपा-माले नेताओं ने कहा कि 4 जुलाई को कथित तौर पर बालू माफिया गिरोह द्वारा गांव में जानलेवा हमला किया गया था, जिसमें पांच ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हुए थे. पार्टी का आरोप है कि घटना के दौरान हमलावर पक्ष के एक सदस्य धीरज शर्मा की मौत हो गई, लेकिन इसका आरोप पीड़ित ग्रामीणों अजय राम, विजय राम समेत अन्य लोगों पर लगाकर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर दिया गया. प्रतिनिधिमंडल ने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की.

घायलों के लिए मुआवजा और इलाज की मांग

ज्ञापन में घटना से प्रभावित सभी पांच घायल परिवारों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की गई. साथ ही सभी घायलों का सरकारी खर्च पर समुचित इलाज सुनिश्चित कराने की भी मांग उठाई गई.

गांव में सुरक्षा बढ़ाने की मांग

पार्टी नेताओं ने कहा कि घटना के बाद गांव में अब भी भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है. ग्रामीण दहशत में जीवन जी रहे हैं. ऐसे में गांव में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए और आवश्यकता पड़ने तक पुलिस कैंप जारी रखा जाए, ताकि लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे.

बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने का मुद्दा उठाया

ज्ञापन में कहा गया कि भय के कारण गांव के बच्चे विद्यालय नहीं जा पा रहे हैं. पार्टी ने प्रशासन से गांव में अस्थायी विद्यालय संचालित कराने की मांग की, ताकि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो.

बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग

प्रतिनिधिमंडल ने गांव में सार्वजनिक शौचालय और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तत्काल चापाकल लगाने की भी मांग की. नेताओं ने जिला प्रशासन से संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करते हुए पीड़ित परिवारों एवं ग्रामीणों को न्याय, सुरक्षा और राहत उपलब्ध कराने की अपील की.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ashok Jehanabad

Published by: Nikhil Anurag

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >