चकाई. चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग के बिहार व झारखंड राज्य के सीमा पर चिलखारी गांव के समीप बुधवार को पिकअप वाहन और बाइक की टक्कर में बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी की बाइक सवार का एक हाथ कटकर अलग हो गया. मृतक की पहचान प्रखंड क्षेत्र के बीचकोड़वा थाना क्षेत्र के गजही पंचायत अंतर्गत बेला गांव निवासी फट्टू राय( 50 ) वर्ष के रूप में हुई है. बताया जाता है कि फट्टू राय बुधवार की दोपहर अपने घर से कोई सामान खरीदने के लिए चतरो बाजार गया था. बाजार से सामान खरीद कर बाइक से वापस आ रहा था तभी चकाई की ओर से जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. इसमें बाइक सवार की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद पिकअप का चालक पिकअप को घटनास्थल पर ही छोड़कर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही चकाई और देवरी थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. घटनास्थल देवरी थाना क्षेत्र होने के कारण देवरी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है. मृतक खेती-बाड़ी कर अपना घर परिवार चलाता था. वह अपने पीछे पत्नी एक पुत्र व एक पुत्री सहित भरा पूरा परिवार छोड़ गया. घटना की सूचना मिलते ही पूरे परिवार में मातम छा गया है. मृतक के सामाजिक पृष्ठभूमि से आने के कारण घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया. वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों द्वारा सड़क जाम क़र दिया गया है. चकाई और देवरी पुलिस लोगों को समझा बुझाकर जाम को हटाने का प्रयास क़र रही है.
पिकअप व बाइक की टक्कर में बाइक सवार की मौत
चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग के बिहार व झारखंड राज्य के सीमा पर चिलखारी गांव के समीप बुधवार को पिकअप वाहन और बाइक की टक्कर में बाइक सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
