बच्चा चोरी की अफवाह में महिला को बांधकर पीटा, मुखिया ने बचायी जान

मलयपुर थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में बच्चा चोरी की अफवाह के कारण ग्रामीणों ने एक महिला को पकड़कर उसके हाथ बांध दिये और उसकी पिटाई की.

बरहट. मलयपुर थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव में बच्चा चोरी की अफवाह के कारण ग्रामीणों ने एक महिला को पकड़कर उसके हाथ बांध दिये और उसकी पिटाई की. जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर एक महिला बाइपास से भटककर फुलवरिया गांव पहुंच गयी थी. गांव में पहुंचते ही कुछ लोगों ने उसे बच्चा चोरी करने वाली महिला बताकर अफवाह फैला दी. इसके बाद गांव के कई लोग और महिलाएं मौके पर जुट गयीं और भीड़ ने महिला के हाथ रस्सी से बांध दिया. इसके बाद उसके साथ मारपीट की गयी. इसी बीच एक स्थानीय युवक ने घटना की जानकारी पंचायत के मुखिया कपिल देव प्रसाद व मलयपुर थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मुखिया व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ के बीच फंसी महिला को ग्रामीणों से छुड़ाकर सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद महिला को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. स्थानीय लोगों के अनुसार महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ बतायी जा रही है और वह भटकते हुए गांव पहुंच गयी थी. पंचायत के मुखिया कपिल देव प्रसाद ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के बारे में तुरंत पुलिस को सूचना दें. उन्होंने कहा कि कानून को अपने हाथ में लेना गलत है और इस तरह की घटनाओं से समाज में गलत संदेश जाता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >