चकाई. प्रखंड के बीचकोड़वा थाना क्षेत्र की फरियताडीह पंचायत अंतर्गत मधुपुर (चोरमारा) गांव में जमीनी विवाद में दो परिवारों में हुए हिंसक झड़प में आधा दर्जन लोग घायल हो गये. इस घटना में दोनों पक्षों की ओर से जमकर लाठी डंडा और लोहे का रड चला. घायलों में दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है जिन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर कर दिया गया है. घायल एक पक्ष के मिथिलेश राय, प्रमोद राय, किशोर राय व सावित्री देवी तथा दूसरे पक्ष के रितेश राय, राहुल राय, ऋतिक राय व हरीकिशोर राय शामिल है. सभी घायलों को पुलिस द्वारा इलाज के लिए चकाई रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां प्रारंभिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल राहुल राय और प्रमोद राय को बेहतर इलाज के लिए देवघर भेजा गया है. घायल एक पक्ष के प्रमोद राय ने बताया कि मवेशी बांधने के लिए खुंटा गाड़ने के लिए वे लोग गड्ढा कर रहे थे तभी रितेश राय, राहुल राय, ऋतिक राय, हरीकिशोर राय ने मिलकर मुझे तथा मेरे भाई प्रमोद राय, किशुन राय व घर की महिला सावित्री देवी को मारपीट कर घायल कर दिया. दूसरे पक्ष के घायल रितेश कुमार ने बताया कि उन लोगों की जमीन पर मिथिलेश राय सहित अन्य लोग जबरदस्ती खुंटा गाड़ रहे थे जब हम लोगों ने इसका विरोध किया तो उन लोगों ने लाठी डंडा से हमला कर दिया जिसमें हमारे तरफ के चार लोग घायल हो गये. घटना की सूचना मिलते ही बीचकोड़वा पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है. थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि दोनों पक्ष से आवेदन नहीं मिला है. आवेदन मिलते ही केस दर्ज कर मामले की जांच की जायेगी. फिलहाल, पुलिस गांव में गश्त कर रही है.
जमीन विवाद में हिंसक झड़प, आधा दर्जन लोग घायल
प्रखंड के बीचकोड़वा थाना क्षेत्र की फरियताडीह पंचायत अंतर्गत मधुपुर (चोरमारा) गांव में जमीनी विवाद में दो परिवारों में हुए हिंसक झड़प में आधा दर्जन लोग घायल हो गये.
