झाझा से उठा शिक्षा और संस्कार का संदेश, गांव के बच्चों में छिपी प्रतिभा को सही दिशा देने की जरूरत
Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 24 May 2026 2:32 PM
Jamui News : झाझा प्रखंड के बैजला पंचायत स्थित बाल संस्कार शाला केंद्र में आयोजित साप्ताहिक सेमिनार में शिक्षा, संस्कार और समाज निर्माण को लेकर प्रेरणादायी संदेश दिया गया. कार्यक्रम में मौजूद वक्ताओं ने कहा कि गांवों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ सही मार्गदर्शन और सकारात्मक माहौल की है.
झाझा, जमुई से ऋताम्बर सिंह की रिपोर्ट : झाझा प्रखंड अंतर्गत बैजला पंचायत के मध्य विद्यालय परिसर स्थित बाल संस्कार शाला केंद्र में आदर्श युवा प्रकोष्ठ गायत्री परिवार की ओर से आयोजित साप्ताहिक सेमिनार का शुभारंभ शनिवार देर शाम किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं जिला पार्षद राकेश सिंह, आदर्श युवा प्रकोष्ठ प्रभारी आशीष कुमार, मनीष कुमार और अरुण कुमार यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम का संचालन नीतीश कुमार प्रिंस ने किया.
शिक्षा और संस्कार से समाज में आती है नई ऊर्जा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पार्षद राकेश सिंह ने कहा कि ऐसे सेमिनार ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों और युवाओं को शिक्षा, संस्कार, नैतिक मूल्यों, सामाजिक भागीदारी और सकारात्मक सोच के प्रति प्रेरित करते हैं. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में जागरूकता और नई ऊर्जा का संचार करते हैं, जिससे युवाओं को बेहतर दिशा मिलती है.
गांवों में छिपी हैं अनगिनत संभावनाएं
आदर्श युवा प्रकोष्ठ प्रभारी आशीष कुमार ने कहा कि गांवों की मिट्टी में अनगिनत संभावनाओं के बीज छिपे हुए हैं. जरूरत केवल उन्हें सही दिशा, उचित मार्गदर्शन और सकारात्मक वातावरण देने की है. उन्होंने कहा कि यदि बच्चों की प्रतिभा को समय रहते पहचानकर प्रोत्साहित किया जाए, तो वे विज्ञान, खेल, प्रशासन, शिक्षा और समाज सेवा सहित हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं.शिक्षा सिर्फ नौकरी नहीं, जीवन बदलने की ताकत
उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल नौकरी पाने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज और जीवन को बदलने की सबसे बड़ी शक्ति है. जब गांव का बच्चा शिक्षित होता है, तो उसका पूरा परिवार और समाज जागरूक बनता है. शिक्षा से आत्मविश्वास बढ़ता है और सोच विकसित होती है, जिससे बेहतर समाज का निर्माण संभव होता है.
प्रेरणादायी व्यक्तित्वों से मिलती है नई दिशा
मनीष कुमार ने कहा कि अनुभवी और प्रेरणादायी व्यक्तित्वों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों को नई दिशा और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है. इससे वे अपने लक्ष्य के प्रति अधिक जागरूक और प्रेरित बनते हैं. कार्यक्रम में अरुण कुमार यादव, राकेश कुमार, मनीष, रूपेश, मनीष वर्णवाल सहित कई लोग मौजूद रहे.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










