चंद्रमंडीह. चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर सिमरिया स्थित ममता लाइन होटल के समीप बीते गुरुवार की देर रात एक अज्ञात ट्रक और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई. इस भीषण सड़क हादसे में पिकअप सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मानवता को शर्मसार करते हुए पिकअप चालक अपने घायल खलासी को तड़पता हुआ छोड़कर मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन कोलकाता से कटहल लादकर पटना जिले के लालगंज जा रही थी. गुरुवार रात करीब साढ़े ग्यारह बजे विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद पिकअप चालक जिसकी पहचान आसनसोल निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है. वह खलासी विश्वजीत कुमार और एक अन्य घायल गौरव कुमार दोनों निवासी आसनसोल को उसी हाल में छोड़कर भाग निकला. घटना की सूचना मिलते ही चकाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को वाहन से निकालकर तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. चकाई थानाध्यक्ष सर्वजीत कुमार ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका उपचार चल रहा है. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को जब्त कर लिया है और फरार चालक व टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है.
ट्रक व पिकअप की टक्कर में खलासी घायल
चकाई-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर सिमरिया स्थित ममता लाइन होटल के समीप बीते गुरुवार की देर रात एक अज्ञात ट्रक और पिकअप वैन के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गयी.
