झाझा. बीते 12 मार्च को बांका जिला अंतर्गत चांदन थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय पड़रिया के प्रधानाध्यापक कालेश्वर दास के अपहरण मामले में पुलिस ने दो अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है. दोनों अपराधियों पर कई थानों में अपहरण व आर्म्स एक्ट का मामला पहले से दर्ज है. जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि अपहरण के बाद से ही लगातार पुलिस छापेमारी अभियान चला रही थी. जब प्रधानाध्यापक सकुशल बरामद हो गये तो उनकी निशानदेही पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मोहनपुर थाना क्षेत्र के मंगरार गांव निवासी मुकेश यादव व सर्किल नंबर एक स्थित योगीयाटिलहा गांव निवासी रोहित यादव के रूप में हुई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि इस अपहरण कांड में आधा दर्जन से अधिक लोग शामिल है. मास्टरमाइंड अभी फरार है. उसकी पहचान कर ली गयी है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी होगी. थानाध्यक्ष ने बताया कि अपहरण करने के बाद प्रधानाध्यापक को कई जगहों पर पैदल ही घुमाया. तकनीकी साक्ष्य के आधार पर शिक्षक को पुलिस ने नकटी डैम के समीप से बरामद किया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार मुकेश पर खैरा थाना क्षेत्र में लूटपाट के अलावे कई मामले दर्ज हैं, जबकि रोहित कुमार यादव पर सोनो थाना, बेलहर थाना व अन्य कई थानों में फिरौती मांगने व आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज है. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार दोनों अपहरणकर्ताओं से पुलिस लगातार पूछताछ कर रही है.
शिक्षक अपहरण मामले में दो अपहर्ता गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार
बीते 12 मार्च को बांका जिला अंतर्गत चांदन थाना क्षेत्र के उत्क्रमित मध्य विद्यालय पड़रिया के प्रधानाध्यापक कालेश्वर दास के अपहरण मामले में पुलिस ने दो अपहर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया है.
