झाझा. बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय पड़रिया के प्रभारी प्रधानाध्यापक कालेश्वर दास के अपहरण मामले में अब तक पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने झाझा एसडीपीओ राजेश कुमार के नेतृत्व में दो एसआइटी टीम का गठन किया है. जमुई व बांका पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि घटना को लेकर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह के साथ पुलिस टीम लगातार नरगंजो सहित आसपास के इलाकों तथा बांका जिले के चांदन थाना क्षेत्र के संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है, लेकिन अब तक अपहृत शिक्षक के संबंध में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पायी है. उन्होंने बताया कि जिस स्थान से शिक्षक का अपहरण किया गया तथा जहां से उनकी बाइक बरामद हुई है. फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस मोबाइल लोकेशन समेत अन्य तकनीकी माध्यमों से भी मामले की जांच कर रही है.
नरगंजों स्टेशन जाने के दौरान रास्ते में शिक्षक का हुआ अपहण
बताया जाता है कि गुरुवार की अपराह्न करीब 4:10 बजे प्रभारी प्रधानाध्यापक कालेश्वर दास अपने साथ विद्यालय की रसोईया किरण कुमारी के साथ बाइक से नरगंजो रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे थे. इसी दौरान जंगली पहाड़ के पास करीब आधा दर्जन नकाबपोश हथियारबंद अपराधियों ने हमला कर दोनों को अगवा कर लिया. कुछ दूरी पर ले जाकर अपराधियों ने रसोईया के साथ मारपीट कर उसे छोड़ दिया, जबकि शिक्षक को अपने साथ जंगल की ओर ले गये. रसोईया ने घटना की जानकारी अपने पति बालेश्वर यादव को दी, जिसके बाद उन्होंने शिक्षक के परिजनों के साथ-साथ डायल 112 और पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से अपहृत शिक्षक की हीरो पैशन प्रो बाइक (संख्या जेएच 15के 7666) बरामद कर ली और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू कर दी.
